10 अप्रैल: ढलियारा क्षेत्र में शिव मंदिर के पास एक दर्दनाक सड़क हादसा सामने आया है, जहां श्रद्धालुओं से भरी एक ट्रैक्टर-ट्रॉली अनियंत्रित होकर करीब 100 फुट गहरी खाई में गिर गई।
इस हादसे में अब तक 3 लोगों की मौत की पुष्टि हुई है, जबकि लगभग 15 लोग घायल बताए जा रहे हैं। सभी घायलों को तुरंत उपचार के लिए देहरा अस्पताल पहुंचाया गया है, जहां उनका इलाज जारी है।
जानकारी के अनुसार, सभी श्रद्धालु पंजाब के कपूरथला से आए थे और माता चिंतपूर्णी के दर्शन के बाद ज्वालामुखी की ओर जा रहे थे। इसी दौरान तीखे मोड़ पर वाहन चालक नियंत्रण खो बैठा और यह हादसा हो गया।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची और राहत-बचाव कार्य शुरू किया। हादसे के कारणों की जांच की जा रही है।