8 अप्रैल: तहसील शाहपुर के वरिष्ठ राजकीय माध्यमिक विद्यालय बोह (जिला कांगड़ा) में विद्यार्थी संस्कार शिविर के तहत पतंजलि योगपीठ हरिद्वार के तत्वावधान में नि:शुल्क योग शिविर आयोजित किया गया। शिविर का संचालन योगाचार्य रजनेश कुमार एवं सेवाव्रती टीम द्वारा किया गया।
शिविर में छात्र-छात्राओं को अष्टांग योग का महत्व बताते हुए योग, प्राणायाम और स्वस्थ जीवनशैली के बारे में जागरूक किया गया। बच्चों को जंक फूड, कोल्ड ड्रिंक और मोबाइल के अत्यधिक उपयोग से दूर रहने की सलाह दी गई, साथ ही गीता और रामायण के माध्यम से नैतिक मूल्यों की जानकारी भी दी गई।
योगाभ्यास के दौरान सूर्य नमस्कार, सूक्ष्म व्यायाम, विभिन्न आसन और भस्त्रिका, कपालभाति, अनुलोम-विलोम जैसे प्राणायाम करवाए गए। योगाचार्यों ने बताया कि नियमित योग से व्यक्ति निरोग और संतुलित जीवन जी सकता है।
प्रधानाचार्य बच्चन सिंह ने कहा कि योग अपनाकर युवा पीढ़ी नशे और गलत आदतों से दूर रहकर संस्कारवान बन सकती है। शिविर में करीब 175 विद्यार्थियों और स्कूल स्टाफ ने भाग लिया और योग को जीवन में अपनाने का संकल्प लिया।
इस अवसर पर योग प्रचारक रजिंद्र सिंह सहित स्कूल के शिक्षक भी उपस्थित रहे।