सोलन में पुरानी रंजिश में हिंसा, धारदार हथियारों से हमला; 20 आरोपी गिरफ्तार

30 मार्च: हिमाचल प्रदेश के सोलन जिले में पुरानी रंजिश के चलते हुए हिंसक झगड़े में तीन लोगों के घायल होने का मामला सामने आया है। पुलिस ने इस मामले में कार्रवाई करते हुए 20 आरोपियों को गिरफ्तार किया है।

जानकारी के अनुसार, घटना शनिवार को एक बालिका विद्यालय के पास शुरू हुई, जहां कुछ लोगों ने एक युवक को घेर लिया। इसके बाद विवाद बढ़ गया। शिकायतकर्ता ने बताया कि वह अपने साथियों के साथ मौके पर पहुंचा और अपने रिश्तेदार को वहां से छुड़ाया।

आरोप है कि इसके बाद जब वे धोबीघाट कॉलोनी की ओर जा रहे थे, तो 15-20 लोगों ने उन्हें रास्ते में रोक लिया और धारदार हथियारों से हमला कर दिया। इस हमले में तीन युवक घायल हो गए, जिन्हें तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया। एक घायल को गंभीर हालत में शिमला के आईजीएमसी रेफर किया गया है।

पुलिस ने मौके का निरीक्षण कर सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान की और 20 लोगों को गिरफ्तार किया। सभी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है।

पुलिस के अनुसार, प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि यह हमला पुरानी रंजिश का परिणाम हो सकता है। मामले की आगे जांच जारी है।

Social Sharing

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *