28 मार्च: कांगड़ा जिला पुलिस द्वारा नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत पालमपुर पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर एक कुख्यात तस्कर को गिरफ्तार कर उसके घर से चिट्टा, चरस और नकदी बरामद की है।
जानकारी के अनुसार 26 मार्च को पुलिस टीम गश्त पर थी, तभी सूचना मिली कि गांव चौकी (पालमपुर) निवासी अवतार सिंह उर्फ गुन्नू अपने घर से नशीले पदार्थ बेच रहा है। सूचना मिलते ही पुलिस ने तुरंत दबिश दी। तलाशी के दौरान आरोपी के घर से 6.09 ग्राम चिट्टा, 10.31 ग्राम चरस और 18,670 रुपए नकद (ड्रग मनी) बरामद किए गए। इसके बाद आरोपी को मौके पर ही गिरफ्तार कर लिया गया।
पहले भी दर्ज हैं कई मामले
जांच में सामने आया कि आरोपी एक हिस्ट्रीशीटर तस्कर है और पहले भी उसके खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत कई मामले दर्ज हैं। वह लंबे समय से नशे के कारोबार में सक्रिय था।
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है और यह भी जांच की जा रही है कि उसके नेटवर्क में और कौन-कौन लोग शामिल हैं।