हमीरपुर के बड़सर में बुजुर्ग से 17.43 लाख की साइबर ठगी, जीवन प्रमाणपत्र डाउनलोड करने के बहाने भेजा फर्जी लिंक

12 नवम्बर: जिला हमीरपुर के बड़सर में साइबर ठगी का बड़ा मामला सामने आया है। यहां शातिरों ने जीवन प्रमाणपत्र डाउनलोड करवाने के बहाने 62 वर्षीय बुजुर्ग को अपने जाल में फंसाकर उसके बैंक खाते से 17 लाख 43 हजार रुपये उड़ा लिए। ठगों ने बुजुर्ग के व्हाट्सऐप पर बैंक से जुड़ा फर्जी लिंक भेजा था। हैरानी की बात यह है कि पीड़ित को करीब एक सप्ताह तक खाते से रकम निकलने की भनक तक नहीं लगी। जब उसने बैंक में जाकर खाते की जांच करवाई तो इतनी बड़ी रकम गायब होने का पता चला।

पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार बड़सर तहसील के एक गांव में रहने वाले 62 वर्षीय व्यक्ति को 30 अक्तूबर, 2026 को व्हाट्सऐप के माध्यम से बैंक के नाम से जुड़ा एक लिंक प्राप्त हुआ। इसके कुछ समय बाद उसके पास एक फोन कॉल आई। कॉल करने वाले व्यक्ति ने उसे जीवन प्रमाणपत्र डाउनलोड करने के लिए कहा। बुजुर्ग ने उसकी बातों में आकर मोबाइल पर भेजे गए लिंक को डाउनलोड कर लिया। हालांकि, कुछ समय बाद उसे फोन कॉल फर्जी होने का संदेह हुआ और किसी अनहोनी की आशंका के चलते उसने अपना मोबाइल फोन बंद कर दिया।

इसके बावजूद शातिरों ने उसके बैंक खाते से 17,43,000 रुपये निकाल लिए। करीब एक सप्ताह बाद जब बुजुर्ग ने संबंधित बैंक में जाकर खाते की जांच करवाई तो रकम निकाले जाने का खुलासा हुआ। इसके बाद पीड़ित ने पुलिस में शिकायत दर्ज करवाई। थाना सदर हमीरपुर में धोखाधड़ी का मामला दर्ज कर पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।

पुलिस अधीक्षक हमीरपुर बलवीर सिंह ने लोगों से अपील की है कि व्हाट्सऐप या अन्य माध्यमों से प्राप्त किसी भी अनजान लिंक को डाउनलोड न करें। बैंकिंग और सरकारी योजनाओं से संबंधित जानकारी केवल आधिकारिक माध्यमों से ही प्राप्त करें, ताकि साइबर ठगी से बचा जा सके।

Social Sharing

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *