27 मार्च: शिमला पुलिस को नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान में एक और बड़ी सफलता मिली है। स्पेशल सेल टीम ने तारादेवी–टूटू बाईपास क्षेत्र में कार्रवाई करते हुए हरियाणा नंबर की एक स्विफ्ट कार से 94 ग्राम चिट्टा (हेरोइन) बरामद किया है। पुलिस ने मौके पर ही कार में सवार पांचों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
जानकारी के अनुसार, 19 मार्च 2026 की शाम पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि एक संदिग्ध वाहन में नशीला पदार्थ शिमला लाया जा रहा है। सूचना मिलते ही टीम ने तुरंत नाकाबंदी कर तारादेवी जीरो पॉइंट के पास वाहन (HR12AX5838) को रोका। तलाशी के दौरान कार से 94 ग्राम चिट्टा बरामद हुआ।
गिरफ्तार आरोपी हरियाणा के सोनीपत और झज्जर जिलों के रहने वाले हैं। प्रारंभिक पूछताछ में उन्होंने नशा बेचने के इरादे से शिमला आने की बात कबूल की है।
पुलिस ने सभी आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर लिया है और अब यह जांच की जा रही है कि इनके नेटवर्क में और कौन-कौन शामिल हैं।