27 मार्च: कुल्लू जिले के भुंतर में एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है, जहां एक शातिर युवक ने खुद को पुलिसकर्मी बताकर नेपाली मूल के व्यक्ति से ठगी कर ली। पीड़ित की पहचान दिल्ली राम के रूप में हुई है, जो नेपाल के दैलेख जिले का निवासी है और इलाज के लिए हिमाचल आया था।
जानकारी के अनुसार, गुरुवार सुबह करीब 10:30 बजे सैनिक चौक के पास दिल्ली राम खड़ा था। इसी दौरान काले रंग की स्कूटी पर सवार एक युवक वहां पहुंचा और खुद को पुलिसकर्मी बताते हुए उसे चोरी के एक मामले में संदिग्ध बताकर डराया।
आरोपी पूछताछ के बहाने उसे अपनी स्कूटी पर बैठाकर कुल्लू की ओर करीब 5 किलोमीटर दूर एक सुनसान जगह पर ले गया। वहां उसने तलाशी के नाम पर उसकी जेब से 5,000 रुपये निकाल लिए।
इसके बाद आरोपी यह कहकर मौके से फरार हो गया कि वह अपने ‘साहब’ से पूछकर आता है। पीड़ित कुछ देर तक उसका इंतजार करता रहा, लेकिन जब वह वापस नहीं आया तो उसे ठगी का अहसास हुआ।
पीड़ित ने बताया कि ये पैसे उसके इलाज के लिए थे। बाद में स्थानीय लोगों की मदद से उसने भुंतर थाने में शिकायत दर्ज करवाई। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है और आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं।