27 मार्च: हिमाचल प्रदेश के बिलासपुर जिले की पंचायत दयोथ के गांव हम्बार में तेंदुए के हमले से दहशत का माहौल बन गया है। घर के समीप एक व्यक्ति पर तेंदुए ने हमला कर दिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल का इलाज सिविल अस्पताल मार्कण्ड (बिलासपुर) में चल रहा है।
घायल की पहचान ओमप्रकाश, निवासी गांव हम्बार के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार, बुधवार रात ओमप्रकाश अपने घर के पास मौजूद थे, तभी अंधेरे में घात लगाए बैठे तेंदुए ने अचानक उन पर हमला कर दिया। उनकी चीख-पुकार सुनकर परिजन और ग्रामीण मौके पर पहुंचे, जिसके बाद तेंदुआ जंगल की ओर भाग गया।
हमले में ओमप्रकाश की बाजू और पीठ पर गहरे घाव आए हैं। फिलहाल डॉक्टरों के अनुसार उनकी हालत स्थिर है और उनका उपचार जारी है।
घटना के बाद पूरे क्षेत्र में डर का माहौल है। वन विभाग की टीम मौके पर पहुंच गई है और तेंदुए की तलाश के लिए अभियान चलाया जा रहा है। डीएफओ राजीव कुमार ने लोगों से सतर्क रहने और रात के समय अकेले बाहर न निकलने की अपील की है।
स्थानीय ग्रामीणों ने प्रशासन से क्षेत्र में पिंजरा लगाने और गश्त बढ़ाने की मांग की है, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं को रोका जा सके।