15 मार्च: मंडी जिले के करसोग बस स्टैंड पर महिला से मंगलसूत्र छीनने के मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी युवक को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने छीना गया मंगलसूत्र भी बरामद कर लिया है।
जानकारी के अनुसार बस अड्डे पर बस में बैठी एक महिला के गले से अचानक एक युवक ने झपट्टा मारकर मंगलसूत्र छीन लिया और मौके से फरार हो गया। पीड़िता की शिकायत के बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की।
जांच के दौरान पुलिस ने आसपास के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली और संदिग्धों से पूछताछ की। इसी आधार पर आरोपी राहुल को हिरासत में लिया गया, जो करसोग के नजदीकी क्षेत्र का निवासी बताया जा रहा है।
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि आरोपी पर कर्ज का दबाव था और जल्दी पैसे जुटाने के लिए उसने वारदात को अंजाम दिया। डीएसपी करसोग भरत भूषण ने बताया कि आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।