11 मार्च: सिरमौर पुलिस ने नशा तस्करी के खिलाफ अभियान चलाते हुए अलग-अलग मामलों में 6 लोगों को गिरफ्तार किया है। इनमें एक महिला और उसके दो बेटे भी शामिल हैं। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 15.73 ग्राम चिट्टा, 10,450 रुपये नकद, 3600 नशीले कैप्सूल और 600 नशीली गोलियां बरामद की हैं।
पुलिस के अनुसार एसआईयू टीम को सूचना मिली थी कि एक गाड़ी में लतिका निवासी दुर्गा कॉलोनी कालाअंब (हरियाणा) अपने बेटों राघवन कुमार उर्फ रोक्स और निखिल कुमार के साथ चिट्टा लेकर कोटड़ी की ओर जा रही है। सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए पुलिस ने इन तीनों के साथ पिंकी उर्फ नेन्सी निवासी जिला सोलन को भी पकड़ लिया। चारों के खिलाफ थाना नाहन में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।
वहीं दूसरे मामले में पुलिस चौकी कच्चा टैंक की टीम ने गश्त के दौरान शुभम नामक युवक को संदिग्ध हालत में पकड़ा, जो चिट्टे का सेवन करता पाया गया। उसके पास से सिरिंज और अन्य सामान बरामद हुआ है।
एक अन्य कार्रवाई में पुलिस ने उत्तर प्रदेश के सहारनपुर निवासी बॉवी कुमार को 3600 नशीले कैप्सूल और 600 गोलियों के साथ गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार यह आरोपी नशीली दवाओं की सप्लाई से जुड़ा हुआ है। एसपी एनएस नेगी ने बताया कि सभी मामलों में केस दर्ज कर जांच जारी है।