11 मार्च: नूरपुर क्षेत्र में पैट्रोल पंप के लिए अंतिम एनओसी जारी करने के नाम पर रिश्वत मांगने के मामले में सीबीआई ने जांच तेज कर दी है। इसी कड़ी में सीबीआई ने चंडीगढ़ और मोहाली में एक निजी कंसल्टैंट के ठिकानों पर छापेमारी कर महत्वपूर्ण दस्तावेज और रिकॉर्ड कब्जे में लिए हैं।
इस मामले में सीबीआई एक आरोपी को पहले ही गिरफ्तार कर चुकी है। उसे अदालत में पेश किया गया, जहां से 20 मार्च तक रिमांड पर भेजा गया है।
जानकारी के अनुसार नूरपुर के एक पैट्रोल पंप संचालक ने 9 फरवरी 2026 को सीबीआई एंटी करप्शन ब्रांच शिमला में शिकायत दर्ज करवाई थी। शिकायत में आरोप लगाया गया कि पैट्रोल पंप के लिए अंतिम एनओसी जारी करने के बदले 10 लाख रुपये की रिश्वत मांगी गई।
प्रारंभिक जांच में रिश्वत मांगने की पुष्टि होने के बाद सीबीआई ने भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर लिया है। मामले में अन्य अधिकारियों की भूमिका की भी जांच की जा रही है।