28 फरवरी: शिमला जिले के रामपुर उपमंडल में शुक्रवार शाम एक गंभीर सड़क दुर्घटना में तीन लोगों की जान चली गई, जबकि दो अन्य घायल हो गए। हादसा बालीधार के समीप शांदल क्षेत्र में हुआ, जहां एक बोलेरो कैम्पर वाहन अनियंत्रित होकर लगभग 250 मीटर गहरी खाई में गिर गया
।
बताया जा रहा है कि वाहन में तीन महिलाएं और दो पुरुष सवार थे। दुर्घटना में चालक सहित तीन लोगों की मौके पर ही मृत्यु हो गई, जबकि दो अन्य को गंभीर चोटें आईं।
घटना की सूचना मिलने पर थाना रामपुर की पुलिस टीम तुरंत मौके पर पहुंची। वाहन (एचपी-92-3945) खाई में क्षतिग्रस्त अवस्था में मिला। स्थानीय लोगों की मदद से पुलिस ने रेस्क्यू अभियान चलाकर शवों और घायलों को बाहर निकाला और खनेरी अस्पताल रामपुर पहुंचाया।
मृतकों की पहचान कपिल देव (41) पुत्र भगत राम निवासी गांव चिकसा, पुष्पा देवी (67) पत्नी विशेषर लाल निवासी गांव मझाली तथा उर्मिला देवी (40) पुत्री सोहन लाल निवासी गांव मझाली के रूप में हुई है।
घायलों में राकेश कुमार (39) पुत्र प्रकाश चंद और लीला देवी (41), दोनों निवासी गांव चिकसा, शामिल हैं। उनका उपचार जारी है।
पुलिस ने मामला दर्ज कर दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है।