एटीसी शाहपुर का नवाचार प्रयास: धारकण्डी के 44 विद्यार्थी नेचर कैंप के लिए रवाना

28 फरवरी: शाहपुर के विधायक एवं उपमुख्य सचेतक केवल सिंह पठानिया ने रैत स्थित एटीसी शाहपुर के तत्वावधान में आयोजित एक दिवसीय नेचर कैंप के लिए विद्यार्थियों की बस को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।

इस कैंप में शाहपुर विधानसभा क्षेत्र के धारकण्डी के पांच विद्यालयों—राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय बोह, कनोल, दरीणी, राजकीय उच्च विद्यालय भलेड़ और राजकीय मिडल स्कूल तल—के 44 विद्यार्थी एवं 6 अध्यापक भाग ले रहे हैं।

कैंप के दौरान विद्यार्थी नेचर वॉक, कांगड़ा घाटी के चाय बागानों का भ्रमण, पालमपुर स्थित ट्यूलिप गार्डन और साइंस सेंटर का दौरा करेंगे, जिससे उन्हें प्रकृति और विज्ञान के विभिन्न पहलुओं को व्यवहारिक रूप से समझने का अवसर मिलेगा।

इस अवसर पर केवल सिंह पठानिया ने कहा कि एटीसी शाहपुर द्वारा आयोजित यह चौथा नेचर कैंप है। उन्होंने बताया कि ऐसे कार्यक्रम बच्चों में विज्ञान के प्रति जिज्ञासा बढ़ाने और अनुभवात्मक सीख को प्रोत्साहित करने में सहायक होते हैं।

उन्होंने यह भी कहा कि मुख्यमंत्री के मार्गदर्शन में एटीसी शाहपुर को सक्रिय किया गया है, ताकि अधिक से अधिक विद्यार्थी और आमजन इसका लाभ उठा सकें।

एटीसी की प्रभारी एवं वैज्ञानिक अधिकारी डॉ. सुनंदा पठानिया ने बताया कि संस्थान में समय-समय पर कौशल विकास से जुड़े प्रशिक्षण शिविर भी आयोजित किए जाते हैं, जिनमें महिलाओं और राजमिस्त्रियों को प्रशिक्षण दिया गया है।

कार्यक्रम के दौरान बीएमओ शाहपुर डॉ. कविता, डीपीओ अशोक शर्मा, विभिन्न विद्यालयों के प्रधानाचार्य, एटीसी स्टाफ और विद्यार्थी उपस्थित रहे।

Social Sharing

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *