28 फरवरी: पुलिस जिला नूरपुर के जाच्छ क्षेत्र में एक 4 वर्षीय बच्ची को जबरन ले जाने के प्रयास का मामला सामने आया है। घटना के समय बच्ची अपने पिता के साथ स्कूल से घर लौट रही थी। पिता की सतर्कता के चलते बच्ची सुरक्षित रही।
शिकायतकर्ता सुरेश कुमार, निवासी जाच्छ, ने पुलिस को बताया कि छुट्टी के बाद वह अपनी बेटी को लेकर घर जा रहे थे। इसी दौरान बाइक सवार तीन युवकों ने उन्हें रोका। आरोप है कि एक युवक ने बच्ची को उठाने का प्रयास किया, लेकिन पिता के विरोध करने पर तीनों मौके से फरार हो गए।
घटना के बाद सुरेश कुमार ने आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज निकलवाकर पुलिस को सौंपी। फुटेज के आधार पर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए तीन युवकों को गिरफ्तार कर लिया।
एसपी कुलभूषण वर्मा ने बताया कि गिरफ्तार आरोपियों की पहचान बलविंदर (धनेटी चरूड़ियां, नूरपुर), रोहित (पंजाहड़ा, नूरपुर) और अभिषेक (गांव टिपरी, डाकघर वनेट, चुवाड़ी) के रूप में हुई है। पुलिस मामले की गहन जांच कर रही है और आरोपियों से पूछताछ जारी है, ताकि घटना के पीछे की मंशा स्पष्ट हो सके।