पांवटा साहिब: विवाहिता की संदिग्ध मौत, पति पर प्रताड़ना के आरोप; पुलिस जांच में जुटी

28 फरवरी:सिरमौर जिले के पांवटा साहिब के पुरुवाला थाना क्षेत्र अंतर्गत गोजर गांव में एक 26 वर्षीय विवाहिता की मौत का मामला सामने आया है। मृतका के परिजनों ने पति पर शारीरिक और मानसिक प्रताड़ना के आरोप लगाए हैं। पुलिस ने शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

मृतका की पहचान रजनी (26) के रूप में हुई है। उसकी माता शिमला देवी, निवासी श्यामपुरभूड्ड, ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि रजनी ने करीब ढाई वर्ष पूर्व रामकुमार उर्फ रोहित के साथ प्रेम विवाह किया था। परिजनों के अनुसार प्रारंभ में संबंध सामान्य रहे, लेकिन बाद में पति का व्यवहार बदल गया।

माता का आरोप है कि पिछले दो वर्षों से रजनी के साथ मारपीट और प्रताड़ना की घटनाएं होती रहीं। गुरुवार सुबह ग्राम पंचायत प्रधान द्वारा परिवार को रजनी की मृत्यु की सूचना दी गई।

परिजनों ने आरोप लगाया है कि लगातार प्रताड़ना के चलते यह दुखद घटना हुई।

एसपी सिरमौर एन.एस. नेगी ने बताया कि शिकायत मिलने के बाद संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस सभी पहलुओं की गहन जांच कर रही है और साक्ष्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

Social Sharing

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *