28 फरवरी: जिला कुल्लू के भुंतर–मणिकर्ण मार्ग पर शुक्रवार सुबह एक सड़क हादसे में 26 वर्षीय युवक की जान चली गई। सरसाड़ी के समीप चौंग रोड जीरो प्वाइंट के पास एक आई-20 कार अनियंत्रित होकर पार्वती नदी में गिर गई।
पुलिस के अनुसार मृतक की पहचान प्रिंस सूद (26), निवासी कसोल के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि वह सुबह करीब 9:45 बजे कसोल से भुंतर की ओर जा रहा था। इसी दौरान वाहन का संतुलन बिगड़ गया और कार सड़क से नीचे खाई में गिरते हुए नदी में जा समाई।
हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस और स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे। नदी का बहाव तेज होने और गहराई अधिक होने के कारण रेस्क्यू कार्य में कड़ी मशक्कत करनी पड़ी। संयुक्त प्रयासों से शव को बाहर निकालकर सड़क तक पहुंचाया गया। दुर्घटना में वाहन पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया।
एसपी कुल्लू मदन लाल ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि शव का पोस्टमार्टम करवाकर परिजनों को सौंप दिया गया है। पुलिस ने मामला दर्ज कर दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है।