24 फरवरी: बिजली बोर्ड में फील्ड में कार्यरत तकनीकी कर्मचारियों को अब मोबाइल भत्ता और प्रोटैक्शन अलाउंस दिया जाएगा। इस संबंध में बोर्ड प्रबंधन ने आधिकारिक आदेश जारी कर दिए हैं। लंबे समय से उठाई जा रही मांग को स्वीकार करते हुए यह निर्णय लिया गया है।
जारी आदेशों के अनुसार फोरमैन (एम एंड टी, पी एंड टी, पीएचई), एचएम, फोरमैन सब-स्टेशन, सब-स्टेशन अटेंडेंट, इलेक्ट्रीशियन सहित संबंधित श्रेणियों के कर्मचारियों को 200 रुपये प्रतिमाह मोबाइल भत्ता मिलेगा। वहीं हेल्पर और हेल्पर सब-स्टेशन (एम एंड टी, पी एंड टी, पीएचई, एचएम) को 150 रुपये प्रतिमाह मोबाइल भत्ता प्रदान किया जाएगा।
बोर्ड प्रबंधन ने तकनीकी कर्मचारियों को 100 रुपये प्रतिमाह प्रोटैक्शन अलाउंस देने का भी निर्णय लिया है। यह राशि जेई इलेक्ट्रिकल, जेई टेस्ट, इलेक्ट्रीशियन, हेल्पर और हेल्पर सब-स्टेशन श्रेणियों को दी जाएगी। इससे कर्मचारियों को वर्षभर में 1200 रुपये का लाभ मिलेगा।
कर्मचारी संगठनों ने इस निर्णय का स्वागत करते हुए कहा कि फील्ड में कार्यरत स्टाफ विषम भौगोलिक परिस्थितियों और जोखिम भरे माहौल में काम करता है, ऐसे में यह फैसला राहत देने वाला है। साथ ही भविष्य में मोबाइल भत्ते की राशि बढ़ाने की मांग भी उठाई गई है।