16 नवम्बर: राष्ट्रीय प्रेस दिवस के अवसर पर सोमवार को धर्मशाला में राज्यस्तरीय समारोह आयोजित किया गया। उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री की अध्यक्षता में आयोजित इस कार्यक्रम का विषय ‘पत्रकारिता : सनसनी या जिम्मेदारी’ रहा। इस दौरान उपमुख्यमंत्री ने पत्रकारों को राष्ट्रीय प्रेस दिवस की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि मौजूदा दौर में पत्रकारिता के क्षेत्र में आए बदलावों और चुनौतियों को देखते हुए आत्ममंथन की आवश्यकता है।
मुकेश अग्निहोत्री ने कहा कि समाचार-पत्रों की विश्वसनीयता और प्रासंगिकता हमेशा बनी रहेगी। कुछ समय के लिए उतार-चढ़ाव आ सकते हैं, लेकिन जिम्मेदार और विश्वसनीय पत्रकारिता का महत्व कभी कम नहीं होगा। उन्होंने कहा कि सोशल मीडिया पत्रकारिता के सामने एक नई चुनौती बनकर उभरा है। सोशल मीडिया के माध्यम से सूचनाओं का दायरा बढ़ा है, लेकिन पारंपरिक समाचार-पत्रों और सोशल मीडिया में बड़ा अंतर है। समाचार-पत्रों में खबरों का कई स्तरों पर सत्यापन होता है और पत्रकार की जवाबदेही भी तय रहती है।
उन्होंने कहा कि सोशल मीडिया पर कुछ इन्फ्लुएंसर रातोंरात प्रसिद्धि हासिल करने के लिए सनसनीखेज खबरें प्रसारित करते हैं, जबकि उनकी जवाबदेही तय नहीं होती। किसी भी समाचार को प्रकाशित या प्रसारित करने से पहले सभी पक्षों और तथ्यों की जांच करना पत्रकारिता का मूल धर्म है। उन्होंने पत्रकारों से सच्चाई और तथ्यों पर आधारित रिपोर्टिंग करने का आह्वान किया।
उपमुख्यमंत्री ने कहा कि मोबाइल और सोशल मीडिया के दौर में प्रत्येक व्यक्ति के हाथ में सूचना प्रसारित करने का माध्यम पहुंच गया है। इसके साथ ही लोगों की निजी पसंद, गतिविधियों और डेटा तक कंपनियों की पहुंच भी बढ़ी है। ऐसे में पत्रकारिता के सामने नई चुनौतियां खड़ी हुई हैं। उन्होंने कहा कि देश और प्रदेश के विकास के लिए जरूरी है कि पत्रकार सरकारों के अच्छे कार्यों, विकास और जनकल्याण से जुड़ी योजनाओं को भी जनता के सामने रखें।
उन्होंने कहा कि लिखा हुआ शब्द तलवार से भी अधिक गहरा घाव कर सकता है और एक बार प्रकाशित होने के बाद हमेशा रिकॉर्ड में रहता है। इसलिए पत्रकारों को अपनी लेखनी की ताकत के साथ उसकी जिम्मेदारी भी समझनी चाहिए।
दैनिक जागरण के संपादक नवनीत शर्मा ने कहा कि आज पत्रकारिता के सामने अभिव्यक्ति की आजादी से भी बड़ी चुनौती समझ और जिम्मेदारी की है। सनसनी और जिम्मेदार पत्रकारिता के बीच अंतर को समझना जरूरी है। उन्होंने कहा कि वरिष्ठ पत्रकारों का दायित्व है कि वे नई पीढ़ी के पत्रकारों को भाषा की मर्यादा और पत्रकारिता के मूल सिद्धांतों के बारे में प्रशिक्षित करें। खबर लिखते समय उसके सामाजिक प्रभाव और संबंधित व्यक्ति की संवेदनशीलता का ध्यान रखना भी पत्रकार की जिम्मेदारी है। पत्रकारिता का उद्देश्य केवल सनसनी फैलाना नहीं, बल्कि सत्य और जनहित से जुड़ी जानकारी पाठकों तक पहुंचाना होना चाहिए।
हिमाचल दस्तक के संपादक हेमंत कुमार ने कहा कि पत्रकारिता के सामने सबसे बड़ी चुनौती विश्वसनीयता और पाठकों का भरोसा बनाए रखना है। उन्होंने पत्रकारिता में बढ़ती सनसनी की पांच प्रमुख वजहों का उल्लेख करते हुए कहा कि खोजपूर्ण खबरों का अभाव, छोटी घटनाओं को बढ़ा-चढ़ाकर पेश करना, तथ्यों की जांच किए बिना खबरें प्रसारित करना, मीडिया संस्थानों का राजनीतिक विचारधाराओं में बंटना और बिना प्रशिक्षण के गैर-जिम्मेदाराना रिपोर्टिंग करना गंभीर चुनौतियां हैं।
उन्होंने इंटरनेट और सोशल नेटवर्किंग साइटों के लिए प्रभावी नीति बनाने तथा मीडिया संस्थानों को अपनी जिम्मेदारी समझने की आवश्यकता पर बल दिया। उन्होंने कहा कि पत्रकारिता को तथ्यपरक, निष्पक्ष और जिम्मेदार बनाने के लिए सामूहिक मंथन जरूरी है।
समारोह में पूर्व विधायक अजय महाजन, सूचना एवं जनसंपर्क विभाग के सचिव राकेश कंवर, निदेशक राजीव कुमार सहित कांगड़ा और शिमला जिलों से बड़ी संख्या में पत्रकार उपस्थित रहे।