बीबीएमबी एरियर पर ऐतिहासिक जीत के बाद धर्मशाला पहुंचे सीएम सुक्खू, ढोल-नगाड़ों के साथ निकाली विजय रैली

16 नवम्बर: बीबीएमबी एरियर मामले में हिमाचल प्रदेश को मिली ऐतिहासिक जीत के बाद मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविन्द्र सिंह सुक्खू का आज धर्मशाला पहुंचने पर कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं ने गर्मजोशी से स्वागत किया। हिमाचल प्रदेश विधानसभा के शीतकालीन सत्र में भाग लेने पहुंचे मुख्यमंत्री के स्वागत में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने पारंपरिक ढोल-नगाड़ों के साथ विजय रैली निकाली और आतिशबाजी कर जीत का जश्न मनाया।

बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता कांगड़ा केंद्रीय सहकारी (केसीसी) बैंक चौक पर बैनर लेकर एकत्रित हुए। यहां मुख्यमंत्री का ढोल-नगाड़ों और संगीत के साथ अभिनंदन किया गया। इसके बाद कार्यकर्ताओं ने केसीसी बैंक चौक से उपायुक्त कार्यालय चौक तक विजय रैली निकाली। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने नारेबाजी कर प्रदेश के हितों की रक्षा के लिए सरकार के प्रयासों की सराहना की।

मीडिया से बातचीत करते हुए मुख्यमंत्री ने कांगड़ा के लोगों और कांग्रेस कार्यकर्ताओं का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार ने दृढ़ राजनीतिक इच्छाशक्ति के साथ हिमाचल के अधिकारों और संसाधनों की रक्षा के लिए लड़ाई लड़ी है और इस दिशा में चार बड़ी सफलताएं हासिल की हैं। ये उपलब्धियां प्रदेश की अर्थव्यवस्था को मजबूत करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगी।

मुख्यमंत्री ने कहा कि बीबीएमबी एरियर का मामला पिछले 15 वर्षों से लंबित था। यदि इस मामले को किशाऊ बांध समझौते से नहीं जोड़ा जाता तो यह अगले 20 वर्षों तक भी लंबित रह सकता था। उन्होंने बताया कि किशाऊ बांध समझौते को लेकर हरियाणा सरकार के साथ बातचीत के दौरान उन्होंने स्पष्ट कर दिया था कि जब तक हिमाचल के हितों की सुरक्षा सुनिश्चित नहीं होती और आवश्यक सहमति के साथ संबंधित शपथ पत्र पर हस्ताक्षर नहीं किए जाते, तब तक समझौते को आगे नहीं बढ़ाया जाएगा।

उन्होंने कहा कि प्रदेश के 75 लाख लोगों के हितों की रक्षा करना सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है। प्रदेश के संसाधनों में हिमाचल के जायज हक सुरक्षित करने के लिए सरकार दृढ़ संकल्प के साथ काम कर रही है। इन प्रयासों के परिणामस्वरूप आने वाले समय में प्रदेश के खजाने में करीब 3,000 करोड़ रुपये आने की संभावना है। इस राशि से स्वास्थ्य संस्थानों को मजबूत करने, शिक्षा के बुनियादी ढांचे में सुधार, सड़कों के विकास और अन्य आवश्यक सुविधाओं को बेहतर बनाने में मदद मिलेगी।

मुख्यमंत्री ने कहा कि दृढ़ इच्छाशक्ति वाली सरकार कठिन से कठिन लड़ाई भी जीत सकती है। वर्तमान सरकार ने वर्षों से प्रदेश के संसाधनों के हो रहे दोहन को रोकने और राज्य के अधिकारों की रक्षा के लिए लगातार प्रयास किए हैं, जिनके सकारात्मक परिणाम सामने आ रहे हैं।

इस अवसर पर राज्यसभा सांसद अनुराग शर्मा, उपमुख्य सचेतक केवल सिंह पठानिया, राज्य योजना बोर्ड के उपाध्यक्ष भवानी पठानिया, विधायक मलेंद्र राजन, संजय अवस्थी, सुरेश कुमार और नीरज नैयर सहित विभिन्न बोर्डों एवं निगमों के अध्यक्ष-उपाध्यक्ष, कांग्रेस के वरिष्ठ पदाधिकारी और बड़ी संख्या में पार्टी कार्यकर्ता मौजूद रहे।

Social Sharing

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *