बीबीएन में गुटबाजी के चलते पांच स्थानों पर मना छठ पर्व, हजारों पूर्वांचलवासियों ने दी सूर्य देव को अर्घ्य

16 नवम्बर, कविता शान्ति गौतम : औद्योगिक क्षेत्र बद्दी-बरोटीवाला-नालागढ़ (बीबीएन) में पूर्वांचलवासियों ने श्रद्धा और उल्लास के साथ छठ महापर्व मनाया। हालांकि, आपसी मतभेदों और दून की राजनीति के चलते इस बार छठ पूजा का आयोजन एक स्थान पर होने के बजाय पांच अलग-अलग जगहों पर किया गया। शाहपुर में दो स्थानों के अलावा थाना गुरुद्वारा, अमरावती और झाड़माजरी में आयोजित कार्यक्रमों में हजारों श्रद्धालुओं ने भाग लिया। इस दौरान व्रतधारी महिलाओं ने विधि-विधान से पूजा-अर्चना कर डूबते सूर्य को अर्घ्य दिया और परिवार की सुख-समृद्धि, खुशहाली तथा संतान की लंबी आयु की कामना की।

पूर्वांचल छठ पूजा वेलफेयर सोसाइटी के सदस्यों ने बताया कि हर वर्ष की तरह इस बार भी छठ पर्व को लेकर श्रद्धालुओं में खासा उत्साह देखने को मिला। हालांकि, कमेटियों के बीच आपसी तालमेल और एकजुटता की कमी के कारण पांच अलग-अलग स्थानों पर आयोजन हुए। सभी स्थानों पर अतिथियों ने विधिवत पूजा-अर्चना के साथ कार्यक्रमों का शुभारंभ करवाया। इस दौरान मुख्य अतिथियों ने छठ पूजा कमेटियों के सदस्यों को सम्मानित भी किया।

थाना स्थित छठ घाट के मुखिया सच्चिदानंद व्यास और अमरावती की चंदा ने कहा कि छठ पूजा के भव्य आयोजन की शुरुआत और इसे निरंतर आगे बढ़ाने का श्रेय क्षेत्र की जनता को जाता है। पिछले चार वर्षों से स्थानीय लोग मिलकर इस धार्मिक आयोजन को सफल बना रहे हैं। उन्होंने कहा कि छठ पर्व पूर्वांचल की समृद्ध संस्कृति, आस्था और परंपरा का प्रतीक है। ऐसे धार्मिक आयोजन समाज में आपसी भाईचारे और सांस्कृतिक एकता को मजबूत करने का काम करते हैं।

उन्होंने बताया कि श्रद्धालुओं की सुविधा को ध्यान में रखते हुए कमेटी की ओर से पक्का घाट बनवाया गया है, ताकि प्रवासी परिवारों की माताएं और बहनें स्वच्छ पानी में शांतिपूर्ण एवं सुरक्षित माहौल में पूजा-अर्चना कर सकें। उन्होंने आयोजन में सहयोग देने वाले सभी लोगों और छठ कमेटी के सदस्यों का आभार जताया।

छठ पूजा के दौरान घाटों पर छठी मैया के जयकारों और भक्ति गीतों से पूरा वातावरण भक्तिमय बना रहा। हजारों श्रद्धालुओं की मौजूदगी और पारंपरिक रीति-रिवाजों के साथ मनाए गए इस पर्व ने पूर्वांचल की सांस्कृतिक विरासत की सुंदर झलक पेश की।

Social Sharing

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *