शाहपुर में होगी राज्य स्तरीय वॉलीबॉल चैंपियनशिप,अनुराग ठाकुर करेंगे शुभारंभ

आवाज ए हिमाचल

22 फरवरी।कांगड़ा के शाहपुर ग्राउंड में 23 से 25 फरवरी 2026 को प्रथम राज्य स्तरीय युवा वॉलीबॉल चैंपियनशिप एवं नशे के खिलाफ जागरूकता को समर्पित मिनी हाफ मैराथन का आयोजन किया जा रहा है इस प्रतियोगिता के मैच 23 फरवरी से शुरू हो जाएंगे,जबकि 24 फरवरी को पूर्व केंद्रीय मंत्री,सांसद व ओलंपिक एसोसिएशन के अध्यक्ष अनुराग ठाकुर विधिवत रूप से इसका शुभारंभ करेंगे।कार्यक्रम का आयोजन वॉलीबॉल एसोसिएशन कांगड़ा द्वारा किया जा रहा है।एसोसिएशन के जिला अध्यक्ष कमल शर्मा ने शाहपुर रेस्ट हाउस में आयोजित पत्रकार वार्ता के दौरान बताया कि ‘मिनी हाफ मैराथन 2026 – रन अगेंस्ट ड्रग्स’ का रूट शाहपुर ग्राउंड से रैत होते हुए पुनः शाहपुर ग्राउंड तक रहेगा। प्रतियोगिता में भाग लेने के लिए प्रवेश निःशुल्क रखा गया है। आयोजन में टॉप-5 बालिकाओं और टॉप-5 बालकों को विशेष पुरस्कार प्रदान किए जाएंगे।उद्घाटन समारोह में हमीरपुर संसदीय क्षेत्र से सांसद एवं हिमाचल प्रदेश ओलंपिक एसोसिएशन के अध्यक्ष अनुराग ठाकुर मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत करेंगे। वहीं विशिष्ट अतिथि के रूप में वॉलीबॉल फेडरेशन ऑफ इंडिया एवं हिमाचल प्रदेश स्टेट वॉलीबॉल एसोसिएशन के अध्यक्ष वीरेंद्र कंवर उपस्थित रहेंगे। 25 फरवरी को सुबह 11 बजे समापन समारोह आयोजित होगा, जिसमें कांगड़ा-चंबा के सांसद डॉ. राजीव भारद्वाज मुख्य अतिथि होंगे।
कमल शर्मा ने कहा कि इस आयोजन का मुख्य उद्देश्य युवाओं को खेलों के माध्यम से सकारात्मक दिशा देना और नशे के खिलाफ मजबूत जनजागरण अभियान चलाना है। उन्होंने कहा कि खेल प्रतियोगिताएं युवाओं की ऊर्जा को सही दिशा देती हैं और समाज में स्वस्थ वातावरण का निर्माण करती हैं।
इस मौके पर प्रदीप, संतोष शर्मा, अरुण कौशल सहित कई पदाधिकारी मौजूद रहे। आयोजकों ने क्षेत्रवासियों से अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करने की अपील की है। आयोजन से क्षेत्र में खेल संस्कृति को बढ़ावा मिलने की उम्मीद जताई जा रही है।

Social Sharing

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *