नालागढ़ में कबाड़ कारोबार को लेकर दो पक्षों में झड़प, फायरिंग की घटना से क्षेत्र में तनाव

18 फरवरी: औद्योगिक क्षेत्र नालागढ़ के नंगल क्षेत्र में कबाड़ कारोबार को लेकर दो पक्षों के बीच विवाद झड़प में बदल गया। घटना के दौरान फायरिंग की सूचना से इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।

प्रारंभिक जानकारी के अनुसार औद्योगिक स्क्रैप के ठेकों और लेन-देन को लेकर दोनों पक्षों के बीच लंबे समय से विवाद चल रहा था। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, नंगल में आमना-सामना होने पर दोनों पक्षों में कहासुनी हुई, जो बाद में हाथापाई में बदल गई। इसी दौरान फायरिंग की घटना सामने आई।

सूचना मिलते ही बद्दी के पुलिस अधीक्षक विनोद धीमान भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने तत्काल स्थिति को नियंत्रित कर क्षेत्र में शांति व्यवस्था बहाल की। पूरे इलाके में सुरक्षा बढ़ा दी गई है और साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं।

पुलिस के अनुसार, अब तक इस घटना में किसी के हताहत होने की पुष्टि नहीं हुई है। मामले में संबंधित व्यक्तियों से पूछताछ की जा रही है तथा विवाद के कारणों की जांच जारी है। पुलिस प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि कानून व्यवस्था भंग करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

Social Sharing

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *