नादौन, 18 फरवरी 2026:
जिला हमीरपुर के डाइट गौना करौर परिसर में तीन दिवसीय राज्य स्तरीय पीएम श्री बाल मेला 2025–26 का उत्साहपूर्ण शुभारंभ हुआ। मेले में हिमाचल प्रदेश के 11 जिलों से लगभग 300 छात्र-छात्राओं ने भाग लेकर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। कार्यक्रम का उद्घाटन क्वालिटी एजुकेशन डिप्टी डायरेक्टर नवीन कुमार ने किया। इस अवसर पर डाइट के प्रधानाचार्य मदनलाल बन्याल भी विशेष रूप से उपस्थित रहे।
बाल मेले का उद्देश्य विद्यार्थियों की रचनात्मकता, वैज्ञानिक दृष्टिकोण, भाषण कला और सांस्कृतिक अभिव्यक्ति को मंच प्रदान करना है। आयोजन को तीन वर्गों—प्राइमरी, मिडिल और सेकेंडरी—में विभाजित किया गया है, ताकि प्रत्येक आयु वर्ग के विद्यार्थियों को अपनी क्षमता दिखाने का अवसर मिल सके।
प्राइमरी वर्ग में म्यूजिकल चेयर, स्पून रेस, सोलो सॉन्ग, सोलो डांस, फैंसी ड्रेस, ड्रॉइंग-पेंटिंग, ग्रुप डांस, साइंस क्विज और टीएलएम प्रदर्शनी जैसी प्रतियोगिताएँ आयोजित की गईं। मिडिल वर्ग में भाषण, क्विज, कैरम, शतरंज, साइंस प्रोजेक्ट, टीएलएम प्रदर्शनी तथा नृत्य प्रतियोगिताएँ आकर्षण का केंद्र रहीं। वहीं सेकेंडरी वर्ग में डिक्लेमेशन, क्विज, शतरंज, साइंस प्रोजेक्ट, स्किट, ग्रुप सॉन्ग, क्रिएटिव राइटिंग और ग्रुप डांस जैसी प्रतिस्पर्धाएँ आयोजित की गईं।
उद्घाटन अवसर पर नवीन कुमार ने कहा कि ऐसे आयोजन विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के लिए महत्वपूर्ण हैं, जो उनमें आत्मविश्वास, नेतृत्व क्षमता और नवाचार की भावना को प्रोत्साहित करते हैं। पहले दिन विद्यार्थियों का उत्साह देखने योग्य रहा और पूरा परिसर रचनात्मक गतिविधियों से सराबोर रहा। आगामी दो दिनों में शेष प्रतियोगिताएँ एवं पुरस्कार वितरण समारोह आयोजित किया जाएगा।