सिरमौर के राजगढ़ में सिंचाई टैंक में मिला व्यक्ति का शव, जांच जारी

16 फरवरी: जिला सिरमौर के राजगढ़ उपमंडल के अंतर्गत ग्राम पंचायत हाबन के मडेची गांव में एक व्यक्ति का शव सिंचाई टैंक में मिलने से क्षेत्र में शोक का माहौल है। मृतक की पहचान सुनील कुमार (पुत्र प्रेम सिंह) के रूप में हुई है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, सुबह के समय स्थानीय निवासी हरीश कुमार जब अपने खेतों की ओर गए, तो उन्होंने सिंचाई के लिए बने टैंक में एक शव तैरता हुआ देखा। उन्होंने तुरंत इसकी सूचना पुलिस और प्रशासन को दी।

सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और ग्रामीणों की सहायता से शव को बाहर निकाला। प्रारंभिक कार्रवाई के बाद पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर नागरिक अस्पताल राजगढ़ पहुंचाया, जहां आवश्यक औपचारिकताओं के बाद पोस्टमार्टम कराया गया। इसके उपरांत पार्थिव शरीर परिजनों को सौंप दिया गया।

एसडीएम राजगढ़ राजकुमार ठाकुर ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि प्रथम दृष्टया मामला टैंक में गिरने का प्रतीत हो रहा है। हालांकि पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जांच कर रही है, ताकि घटना के कारणों का स्पष्ट पता लगाया जा सके।

इस घटना से पूरे क्षेत्र में शोक व्याप्त है।

Social Sharing

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *