हमीरपुर को नशामुक्त बनाने में हर नागरिक की सक्रिय भागीदारी जरूरी : अभिषेक गर्ग

12 सितंबर: नशीले पदार्थों की मांग में कमी लाने और नशे की समस्या से प्रभावी ढंग से निपटने के लिए राष्ट्रीय कार्य योजना (एनएपीडीडीआर) के तहत सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग द्वारा जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। इसी कड़ी में शुक्रवार को होटल हमीर में एक दिवसीय कार्यशाला आयोजित की गई। इसमें सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता, महिला एवं बाल विकास, पुलिस, शिक्षा, स्वास्थ्य, पंचायतीराज, उद्योग और नशा उन्मूलन अभियान से जुड़े विभागों के अधिकारियों एवं कर्मचारियों के साथ विभिन्न सामाजिक एवं धार्मिक संगठनों के स्वयंसेवकों ने भाग लिया।

कार्यशाला के समापन सत्र को संबोधित करते हुए एडीसी अभिषेक गर्ग ने कहा कि नशे को रोकना केवल सरकार, पुलिस और प्रशासन की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि पूरे समुदाय की सामूहिक जिम्मेदारी है। नशा एक गंभीर समस्या है, जो कभी भी किसी परिवार को प्रभावित कर सकती है। उन्होंने कहा कि नशे की सप्लाई चेन तोड़ने और इसकी मांग कम करने के लिए जिला हमीरपुर में विभिन्न एजेंसियां लगातार काम कर रही हैं, लेकिन जिले को पूरी तरह नशामुक्त बनाने के लिए प्रत्येक नागरिक का सक्रिय योगदान जरूरी है।

अभिषेक गर्ग ने कहा कि नशे की समस्या से अब सुनियोजित, सामूहिक और वैज्ञानिक तरीके से निपटने की आवश्यकता है। उन्होंने कार्यशाला के आयोजन के लिए सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग की सराहना करते हुए कहा कि इसमें नशे की समस्या और इसके निवारण से जुड़े विभिन्न पहलुओं पर विस्तार से चर्चा की गई। उन्होंने सभी प्रतिभागियों से कार्यशाला में मिली जानकारी का अपने-अपने कार्यक्षेत्रों में व्यापक प्रचार-प्रसार करने का आग्रह किया, ताकि नशा विरोधी अभियान के सकारात्मक परिणाम सामने आ सकें।

कार्यशाला के मुख्य वक्ताओं विजय कुमार और पंकज पंडित ने विभिन्न सत्रों में प्रतिभागियों को नशे की समस्या के मूल कारणों, बचाव एवं उपचार के उपायों तथा इसके स्वास्थ्य, मनोवैज्ञानिक, पारिवारिक, सामाजिक, आर्थिक, अपराध एवं कानून-व्यवस्था से जुड़े पहलुओं की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि नशे की समस्या के स्थायी समाधान के लिए समग्र एवं दीर्घकालीन योजना के साथ काम करने और समाज के प्रत्येक वर्ग की सक्रिय भागीदारी आवश्यक है।

इससे पहले जिला कल्याण अधिकारी चमन लाल शर्मा ने मुख्य अतिथि, वक्ताओं और प्रतिभागियों का स्वागत किया। उन्होंने जिले में नशामुक्त भारत अभियान और एनएपीडीडीआर के तहत आयोजित की जा रही विभिन्न जागरूकता गतिविधियों की जानकारी भी दी।

Social Sharing

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *