2.52 करोड़ से बनेगा पीएचसी सिहवाँ का नया भवन, एक माह में नए भवन में शिफ्ट होगा सिविल अस्पताल शाहपुर

12 सितम्बर: शाहपुर के विधायक एवं उपमुख्य सचेतक केवल सिंह पठानिया ने शुक्रवार को शाहपुर विधानसभा क्षेत्र के पीएचसी सिहवाँ के नए भवन का शिलान्यास किया। उन्होंने बताया कि भवन के निर्माण पर 2.52 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे। इसके लिए आवश्यक धनराशि स्वीकृत करने पर उन्होंने मुख्यमंत्री का आभार जताया।

पठानिया ने कहा कि नए भवन के निर्माण से क्षेत्र के हजारों लोगों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध होंगी। फोरलेन के समीप स्थित होने के कारण हाईवे पर होने वाली आपात स्थितियों में भी यह स्वास्थ्य केंद्र महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा। उन्होंने लोक निर्माण विभाग को भवन का निर्माण कार्य जल्द शुरू करने के निर्देश दिए। साथ ही, ग्रामीण विकास विभाग को पंचायत घर के निर्माण का एस्टीमेट तैयार करने को कहा।

उन्होंने बताया कि सिहवाँ में ट्रॉमा सेंटर खोलने के प्रयास किए जा रहे हैं, जिससे स्थानीय लोगों के साथ-साथ फोरलेन पर होने वाली दुर्घटनाओं में घायलों को भी तत्काल चिकित्सा सुविधा मिल सकेगी। विधायक ने कहा कि सिविल अस्पताल शाहपुर को अगले एक माह में नए भवन में शिफ्ट कर दिया जाएगा। इससे क्षेत्रवासियों को आधुनिक और बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं मिलेंगी।

इस अवसर पर उन्होंने स्वर्गीय दुलो राम को भी याद किया, जिन्होंने स्वास्थ्य संस्थान के लिए अपनी जमीन दान की थी। जिला स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. विक्रम कटोच ने स्वास्थ्य विभाग की ओर से मुख्यातिथि का स्वागत किया और विभाग को दिए गए निर्देशों की अनुपालना सुनिश्चित करने का आश्वासन दिया।

सिहवाँ के पूर्व प्रधान एवं जिला कांग्रेस महासचिव अजय बबली ने क्षेत्रवासियों की ओर से विधायक का आभार जताया। पंचायत उपप्रधान बिन्दु राणा और पंचायत समिति सदस्य आकाश ने भी अपने विचार रखे तथा क्षेत्र की विभिन्न मांगें विधायक के समक्ष रखीं।

इस अवसर पर एसडीएम शाहपुर गणेश ठाकुर, अधीक्षण अभियंता लोक निर्माण बीएम ठाकुर, डीपीएम जाइका योगिंद्र पाल, बीएमओ डॉ. कविता ठाकुर, अधिशासी अभियंता जलशक्ति अमित डोगरा, अधिशासी अभियंता लोक निर्माण नीरज जसवाल, बीडीओ रैत योगेंद्र, जिला परिषद सदस्य सुरेंद्र ठाकुर, पूर्व जिला परिषद सदस्य नीना ठाकुर, कैप्टन बलि राम, सहायक अभियंता लोक निर्माण विपुल पुंज, उपमुख्य सचेतक के सलाहकार विनय, प्रधान सिहवाँ मंजू, प्रधान मंझग्रां सुरेश, कैरी प्रधान मंजू, विकास ठाकुर, कमल कटोच सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं अन्य गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

Social Sharing

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *