28 नवम्बर: मुख्यमंत्री के राजनीतिक सलाहकार सुनील शर्मा बिट्टू ने शनिवार को राजकीय उच्च पाठशाला बाड़ी के वार्षिक उत्सव में बतौर मुख्य अतिथि शिरकत की। इस दौरान उन्होंने शैक्षणिक, खेल, सांस्कृतिक और अन्य गतिविधियों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले मेधावी विद्यार्थियों को पुरस्कार देकर सम्मानित किया।
इस अवसर पर सुनील शर्मा बिट्टू ने शिक्षकों, विद्यार्थियों और अभिभावकों को बधाई देते हुए कहा कि मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने शिक्षा, स्वास्थ्य और ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूत करने के लिए कई महत्वपूर्ण निर्णय लिए हैं। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री ने अपने गृह जिला हमीरपुर के विकास के लिए बजट में किसी तरह की कमी नहीं रखी है। जिला में मेडिकल कॉलेज, नर्सिंग कॉलेज, डेंटल कॉलेज, कैंसर केयर संस्थान, उत्तर भारत का पहला अलाइड हेल्थ सर्विसेज कॉलेज, प्रदेश का पहला डेडिकेटेड साइंस कॉलेज और प्रदेश का सबसे बड़ा बस अड्डा सहित कई बड़ी परियोजनाएं मंजूर की गई हैं।
उन्होंने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों की समस्याओं और मांगों को लगातार मुख्यमंत्री के समक्ष उठाया जा रहा है। मुख्यमंत्री विकास कार्यों और जरूरतमंद लोगों की सहायता के लिए तुरंत धनराशि उपलब्ध करवा रहे हैं। उन्होंने बताया कि कुछ माह पहले उन्होंने बाड़ी-फरनोल क्षेत्र का दौरा किया था। इस दौरान स्थानीय लोगों ने क्षेत्र की विभिन्न समस्याएं उनके समक्ष रखी थीं। बरसात के दौरान क्षतिग्रस्त संपर्क सड़कों, रास्तों और डंगों के पुनर्निर्माण एवं मरम्मत के लिए तुरंत धनराशि का प्रावधान किया गया था। इनमें से कई कार्य पूरे भी हो चुके हैं। उन्होंने आश्वासन दिया कि भविष्य में भी क्षेत्र की समस्याओं का त्वरित समाधान किया जाएगा और विकास कार्यों के लिए धन की कमी नहीं आने दी जाएगी।
इससे पहले स्कूल की मुख्याध्यापक डॉ. अंजलि शर्मा ने मुख्य अतिथि, अन्य अतिथियों और विद्यार्थियों के अभिभावकों का स्वागत किया तथा स्कूल की वार्षिक रिपोर्ट प्रस्तुत की। विद्यार्थियों ने इस अवसर पर रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम भी प्रस्तुत किए।
समारोह में ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष सुनील कुमार, पंचायत प्रधान कमल चंद जमवाल, एसएमसी अध्यक्ष प्यार चंद सहित अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे।