28 नवम्बर: ‘खेलो हिमाचल-चिट्टा मुक्त अभियान-2026’ को सफल बनाने के लिए एसडीएम संजीत सिंह ने हमीरपुर उपमंडल की सभी पंचायतों के प्रधानों और अन्य जनप्रतिनिधियों से सहयोग की अपील की है। शुक्रवार को विकास खंड हमीरपुर के पंचायत प्रधानों के साथ आयोजित बैठक में उन्होंने उपमंडल स्तरीय खेल प्रतियोगिताओं की तैयारियों पर चर्चा की और सभी पंचायतों से अभियान में सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करने को कहा।
एसडीएम ने बताया कि अभियान के तहत उपमंडल, जिला और राज्य स्तर पर क्रिकेट, वॉलीबाल, कबड्डी, बैडमिंटन, एथलेटिक्स, हॉकी, कुश्ती और रस्साकशी सहित विभिन्न खेल प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएंगी। इनमें फुटबॉल और बास्केटबॉल को भी शामिल किया जा रहा है। प्रतियोगिताओं में 15 से 30 वर्ष तक के युवक-युवतियां 30 नवंबर तक khelohimachal.hp.gov.in पर ऑनलाइन पंजीकरण करवा सकते हैं।
उन्होंने बताया कि राज्य स्तर पर विजेता टीम को 31 लाख रुपये, उपविजेता को 15 लाख रुपये और तीसरे स्थान पर रहने वाली टीम को 10 लाख रुपये तक के नकद पुरस्कार दिए जाएंगे। जिला स्तर पर प्रथम, द्वितीय और तृतीय स्थान प्राप्त करने वाली टीमों को क्रमशः 2 लाख, डेढ़ लाख और एक लाख रुपये तक के पुरस्कार मिलेंगे। वहीं, उपमंडल स्तर पर भी पहले तीन स्थानों के लिए क्रमशः 51 हजार, 41 हजार और 31 हजार रुपये के नकद पुरस्कार निर्धारित किए गए हैं।
बैठक में खंड विकास अधिकारी रजत चौधरी ने पंचायत प्रधानों को प्रतियोगिताओं के आयोजन और तैयारियों के संबंध में विस्तृत जानकारी दी।