धर्मशाला कॉलेज के सड़क सुरक्षा क्लब ने निकाली जागरूकता रैली, विद्यार्थियों ने दिया सुरक्षित यातायात का संदेश

27 नवम्बर, तरसेम जरयाल : राजकीय महाविद्यालय धर्मशाला के सड़क सुरक्षा क्लब की ओर से सड़क सुरक्षा जागरूकता अभियान के तहत रैली निकाली गई। महाविद्यालय परिसर सहित आसपास के क्षेत्रों में आयोजित इस रैली के माध्यम से विद्यार्थियों ने आमजन को यातायात नियमों का पालन करने, हेलमेट पहनने, सीट बेल्ट लगाने और सड़क पर सावधानी बरतने के प्रति जागरूक किया।

रैली के दौरान विद्यार्थियों ने ‘सड़क सुरक्षा अपनाएं, अनमोल जीवन बचाएं’, ‘हेलमेट लगाना है जरूरी, जीवन की है यह मजबूरी’, ‘सीट बेल्ट लगाएं, सुरक्षित घर जाएं’, ‘तेज गति का शौक छोड़ो, जीवन से नाता जोड़ो’ और ‘नशे में वाहन कभी न चलाएं, अपने साथ दूसरों का जीवन भी बचाएं’ जैसे नारों के माध्यम से लोगों को जागरूक किया।

इस अवसर पर महाविद्यालय के प्राचार्य प्रो. राकेश पठानिया, उपप्राचार्य डॉ. संजय जसरोटिया, सड़क सुरक्षा क्लब के संयोजक डॉ. परवेश गिल, वाणिज्य विभाग के प्राध्यापक डॉ. अजय जम्वाल सहित अन्य प्राध्यापक और विद्यार्थी उपस्थित रहे।

प्राचार्य प्रो. राकेश पठानिया ने कहा कि सड़क सुरक्षा केवल प्रशासन की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक का नैतिक कर्तव्य है। यातायात नियमों का पालन करके सड़क दुर्घटनाओं को काफी हद तक रोका जा सकता है। उन्होंने विद्यार्थियों से स्वयं जागरूक रहने और दूसरों को भी सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूक करने का आह्वान किया।

सड़क सुरक्षा क्लब के संयोजक डॉ. परवेश गिल ने कहा कि अभियान का उद्देश्य विद्यार्थियों के माध्यम से समाज में सड़क सुरक्षा के प्रति जिम्मेदारी और जागरूकता की भावना विकसित करना है। इस दौरान विद्यार्थियों ने आमजन से यातायात नियमों का पालन करने और सड़क पर जिम्मेदारी से व्यवहार करने की अपील की।

Social Sharing

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *