27 नवम्बर: राजस्थान की राजधानी जयपुर के भट्टा बस्ती थाना क्षेत्र में एक ही परिवार के तीन लोगों के शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। मृतकों में एक महिला, उसका बेटा और बेटी शामिल हैं। तीनों के शव रामनगर इलाके में एक मकान के ग्राउंड फ्लोर पर स्थित बंद कमरे में मिले।
जानकारी के अनुसार, मकान में काफी देर तक कोई हलचल नहीं होने पर आसपास के लोगों को संदेह हुआ। इसके बाद उन्होंने पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही भट्टा बस्ती थाना पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू की।
पुलिस को घटनास्थल से एक नोट भी मिला है, जिसमें मोबाइल फोन का जिक्र किया गया है। इसके बाद पुलिस मृतकों के मोबाइल फोन की जांच कर रही है, ताकि घटना के कारणों का पता लगाया जा सके।
फिलहाल पुलिस ने तीनों शवों को कब्जे में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस विभिन्न पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जांच कर रही है। घटना के संबंध में विस्तृत जानकारी का इंतजार है।