हमीरपुर में आंगनवाड़ी कार्यकर्ता और सहायिका के 6 पदों पर भर्ती, 17 दिसंबर तक करें आवेदन

27 नवम्बर: बाल विकास परियोजना हमीरपुर के अंतर्गत विभिन्न आंगनवाड़ी केंद्रों में कार्यकर्ता और सहायिका के कुल 6 पद भरे जाएंगे। इन पदों के लिए पात्र महिलाओं से 17 दिसंबर 2026 तक आवेदन आमंत्रित किए गए हैं। इच्छुक उम्मीदवार सभी आवश्यक दस्तावेजों सहित बाल विकास परियोजना अधिकारी (सीडीपीओ) कार्यालय हमीरपुर में आवेदन जमा करवा सकती हैं।

सीडीपीओ सुनीता शर्मा ने बताया कि नगर निगम हमीरपुर के अंतर्गत आंगनवाड़ी केंद्र मुहान और वार्ड नंबर-7 के आंगनवाड़ी केंद्र एमसीडब्ल्यू-7ए में कार्यकर्ता का एक-एक पद भरा जाएगा। वहीं, आंगनवाड़ी केंद्र एमसीडब्ल्यू-7ए, एमसीडब्ल्यू-11सी, ग्राम पंचायत नालटी के आंगनवाड़ी केंद्र डकोहल और ग्राम पंचायत जंगलरोपा के आंगनवाड़ी केंद्र हार-2 में सहायिका के एक-एक पद पर भर्ती होगी।

उन्होंने बताया कि आवेदन करने वाली महिलाओं की आयु 18 से 35 वर्ष के बीच होनी चाहिए। आवेदक संबंधित आंगनवाड़ी केंद्र के क्षेत्र की स्थायी निवासी होनी चाहिए और उसका नाम संबंधित केंद्र के परिवार सर्वेक्षण रजिस्टर में दर्ज होना अनिवार्य है। इसके अलावा, आवेदक के परिवार की सभी स्रोतों से वार्षिक आय 75 हजार रुपये से अधिक नहीं होनी चाहिए। आय प्रमाण पत्र कार्यकारी दंडाधिकारी द्वारा जारी किया गया होना चाहिए। आंगनवाड़ी कार्यकर्ता के पद के लिए आवेदन करने वाली कार्यरत सहायिका के मानदेय को परिवार की वार्षिक आय में शामिल नहीं किया जाएगा। दोनों पदों के लिए न्यूनतम शैक्षणिक योग्यता बारहवीं पास निर्धारित की गई है।

इन पदों के लिए साक्षात्कार 22 दिसंबर को सुबह 10 बजे एसडीएम कार्यालय हमीरपुर में आयोजित किए जाएंगे। साक्षात्कार के लिए अभ्यर्थियों को अलग से कोई पत्र नहीं भेजा जाएगा। भर्ती से संबंधित अधिक जानकारी के लिए सीडीपीओ कार्यालय हमीरपुर में संपर्क किया जा सकता है।

Social Sharing

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *