27 नवम्बर, तरसेम जरयाल : शाहपुर के दो भाइयों ने अपनी मेहनत, लगन और मजबूत हौसले के दम पर पर्यटन एवं हॉस्पिटैलिटी क्षेत्र में एक अलग पहचान बनाई है। सरकारी नौकरी की सोच से उद्यमिता की राह चुनने वाले इन भाइयों ने PTW Holidays के माध्यम से न केवल सफल कारोबार खड़ा किया, बल्कि सैकड़ों युवाओं को रोजगार से जोड़कर उनके जीवन को नई दिशा भी दी है।
वर्ष 2015 में सोलन के साधुपुल से महज चार युवाओं की टीम के साथ शुरू हुआ उनका यह सफर आज एक बड़े पर्यटन समूह का रूप ले चुका है। कंपनी वर्तमान में सैकड़ों युवाओं को प्रत्यक्ष रोजगार प्रदान कर रही है। इसके अलावा 1000 से अधिक युवा यहां काम सीखकर अपने करियर को नई दिशा दे चुके हैं। इनमें कई युवा आज बड़ी कंपनियों में महत्वपूर्ण पदों पर कार्यरत हैं, जबकि कई युवाओं ने अपने होटल, होमस्टे और ट्रैवल व्यवसाय भी शुरू किए हैं।
इन दोनों भाइयों की सफलता की खास बात यह है कि उन्होंने केवल अपने व्यवसाय का विस्तार करने तक खुद को सीमित नहीं रखा, बल्कि युवाओं को रोजगार तलाशने के बजाय रोजगार देने वाला बनाने की दिशा में भी काम किया। ग्रामीण पृष्ठभूमि से निकलकर पर्यटन क्षेत्र में सफलता हासिल करने का उनका सफर अन्य युवाओं के लिए भी प्रेरणास्रोत बना है।
गद्दी समुदाय से जुड़ाव, अपनी सांस्कृतिक जड़ों के प्रति सम्मान और युवाओं को रोजगार के अवसर उपलब्ध करवाने में दिए गए योगदान को देखते हुए गद्दी वेलफेयर सोसाइटी, कालका (हरियाणा) ने दोनों भाइयों को सम्मानित करने का निर्णय लिया है। 19 दिसंबर 2026 को कालका में आयोजित होने वाले ‘गद्दी विरासत महोत्सव एवं सम्मान समारोह’ में उन्हें ‘गद्दी विरासत गौरव पुरस्कार सम्मान 2026’ से नवाजा जाएगा।