बिलासपुर में सामाजिक संस्था ‘स्वस्थ ब्रह्माण्ड’ सम्मानित, एसडीएम राज कुमार ने समाज सेवा में योगदान के लिए किया सम्मानित

27 नवम्बर, तरसेम जरयाल : बिलासपुर स्थित शांति सरोवर भवन में ब्रह्माकुमारीज़ के संगम अभियान के तहत आयोजित सम्मान समारोह में सामाजिक संस्था ‘स्वस्थ ब्रह्माण्ड’ को समाज सेवा के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान के लिए सम्मानित किया गया। बिलासपुर के एसडीएम राज कुमार ने संस्था को यह सम्मान प्रदान किया।

ब्रह्माकुमारीज़, माउंट आबू (राजस्थान) के सोशल सर्विस विंग तथा भारत सरकार के सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्रालय के संयुक्त तत्वावधान में इस कार्यक्रम का आयोजन किया गया। समारोह का उद्देश्य समाज के जमीनी स्तर पर निस्वार्थ भाव से कार्य कर रहे समाजसेवियों, सामाजिक संस्थाओं और विभिन्न समूहों के प्रयासों को पहचान देना और उन्हें प्रोत्साहित करना था।

कार्यक्रम के दौरान आध्यात्मिक सशक्तिकरण, योग एवं ध्यान, सामाजिक गरिमा और विभिन्न पीढ़ियों के बीच आपसी सामंजस्य जैसे विषयों पर भी चर्चा की गई। वक्ताओं ने वरिष्ठ नागरिकों के सम्मान, उनके अनुभवों के महत्व और समाज में उनके लिए संवेदनशील एवं समावेशी वातावरण तैयार करने की आवश्यकता पर जोर दिया।

सम्मान मिलने पर स्वस्थ ब्रह्माण्ड संस्था की ओर से आभार व्यक्त करते हुए कहा गया कि यह उपलब्धि किसी एक व्यक्ति की नहीं, बल्कि संस्था से जुड़े स्वयंसेवकों, टीम सदस्यों, सहयोगियों, समुदाय के लोगों और वरिष्ठ नागरिकों के सामूहिक प्रयासों का परिणाम है। संस्था ने यह सम्मान उन सभी लोगों को समर्पित किया, जिनके अनुभव, सहयोग और समझदारी से समाज सेवा के कार्यों को आगे बढ़ाने की प्रेरणा मिलती है।

संस्था की ओर से कहा गया कि सच्ची समाज सेवा सामूहिक सहयोग, करुणा और साझा मानवता की भावना से आगे बढ़ती है। इस उपलब्धि में विशेष सहयोग के लिए श्री अखिल और श्री विशाल का भी आभार व्यक्त किया गया।

Social Sharing

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *