27 नवम्बर: हमीरपुर में राष्ट्रीय विधि दिवस एवं संविधान दिवस के अवसर पर वीरवार को जिला न्यायिक परिसर में कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता जिला एवं सत्र न्यायाधीश पंकज शर्मा ने की। इस दौरान उन्होंने भारतीय संविधान का निर्माण करने वाले स्वतंत्रता सेनानियों और विधि विशेषज्ञों के योगदान को याद किया। कार्यक्रम में उपस्थित न्यायिक अधिकारियों, अन्य अधिकारियों और कर्मचारियों ने भारतीय संविधान की प्रस्तावना का सामूहिक वाचन किया।
इसके बाद जिला बार एसोसिएशन के सहयोग से विधिक जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। इसकी अध्यक्षता भी जिला एवं सत्र न्यायाधीश पंकज शर्मा ने की। कार्यक्रम में न्यायिक अधिकारियों के अलावा सेवानिवृत्त न्यायिक अधिकारी एसी डोगरा, जिला बार एसोसिएशन के अध्यक्ष सुरेश ठाकुर, अन्य पदाधिकारी, प्रो-बोनो अधिवक्ता अमित शर्मा और अन्य अधिवक्ता उपस्थित रहे।
वहीं, न्यायिक परिसर नादौन में अतिरिक्त मुख्य न्यायिक दंडाधिकारी अनुज बहल की अध्यक्षता में कार्यक्रम आयोजित किया गया। इसमें अधिकारियों, अधिवक्ताओं और कर्मचारियों ने संविधान की प्रस्तावना का वाचन कर संविधान निर्माताओं के योगदान को याद किया।
इसी तरह न्यायिक परिसर बड़सर में अतिरिक्त मुख्य न्यायिक दंडाधिकारी विक्रांत कौंडल तथा न्यायिक परिसर भोरंज में न्यायिक दंडाधिकारी टीना मल्होत्रा की अध्यक्षता में कार्यक्रम आयोजित किए गए। इन कार्यक्रमों में भी संविधान निर्माताओं के योगदान का स्मरण किया गया और संविधान की प्रस्तावना का वाचन किया गया।