26 नवम्बर: शिक्षा मंत्री रोहित ठाकुर ने कहा कि प्रदेश सरकार शिक्षा के विस्तार, गुणवत्तापूर्ण शिक्षण व्यवस्था और रोजगारोन्मुखी तकनीकी शिक्षा को प्राथमिकता दे रही है। ग्रामीण और दूरदराज क्षेत्रों के विद्यार्थियों को आधुनिक सुविधाओं से युक्त बेहतर शैक्षणिक अवसर उपलब्ध करवाना सरकार का लक्ष्य है।
शिक्षा मंत्री ने बुधवार को कोटखाई तहसील के प्रगति नगर में 10.62 करोड़ रुपये की लागत से निर्मित राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान (आईटीआई) भवन और 1.04 करोड़ रुपये की लागत से तैयार उठाऊ पेयजल योजना का उद्घाटन कर इन्हें जनता को समर्पित किया। इस दौरान उन्होंने अटल बिहारी वाजपेयी राजकीय प्रौद्योगिकी संस्थान (एबीवीजीआईईटी) में चल रहे विकास कार्यों और शैक्षणिक गतिविधियों की जानकारी भी दी।
रोहित ठाकुर ने बताया कि नवंबर 2023 में संस्थान में लगभग 73 करोड़ रुपये के विकास कार्यों के उद्घाटन और शिलान्यास किए गए थे। इनमें 26 करोड़ रुपये की लागत से निर्मित बीटेक विंग भवन और 1.60 करोड़ रुपये की लागत से तैयार ऑडिटोरियम का उद्घाटन शामिल है। इसके अलावा 45 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाले पॉलिटेक्निक विंग भवन का शिलान्यास किया गया था। वर्ष 2024 में 40 लाख रुपये की लागत से खेल परिसर तथा 1.50 करोड़ रुपये की लागत से मुख्य द्वार और परिसर के सौंदर्यीकरण का कार्य पूरा किया गया।
उन्होंने कहा कि संस्थान में विद्यार्थियों को आधुनिक तकनीकी शिक्षा उपलब्ध करवाने के उद्देश्य से नए पाठ्यक्रम भी शुरू किए गए हैं। वर्ष 2022 के बाद आईटीआई विंग में मैकेनिक इलेक्ट्रिकल व्हीकल, इंजीनियरिंग कॉलेज विंग में सिविल इंजीनियरिंग में बीटेक और पॉलिटेक्निक विंग में सिविल इंजीनियरिंग का डिप्लोमा पाठ्यक्रम शुरू किया गया है। वर्ष 2023 में इलेक्ट्रॉनिक्स एवं कम्युनिकेशन का डिप्लोमा पाठ्यक्रम भी दोबारा शुरू किया गया। इन प्रयासों के परिणामस्वरूप संस्थान में विद्यार्थियों की संख्या वर्ष 2022 के लगभग 950 से बढ़कर अब 1500 से अधिक हो गई है।
शिक्षा मंत्री ने बताया कि संस्थान में करीब 8.50 करोड़ रुपये की लागत से बालक छात्रावास और लगभग आठ करोड़ रुपये की लागत से टाइप-IV आवासीय भवन संख्या-2 का निर्माण प्रस्तावित है। उन्होंने बॉयज हॉस्टल और आवासीय कॉलोनी का निर्माण कार्य 31 मार्च 2027 तक पूरा करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि संस्थान की आवश्यकताओं और लंबित विकास कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर पूरा करने के प्रयास किए जा रहे हैं।
उन्होंने कहा कि कोटखाई में केंद्रीय विद्यालय की स्थापना की दिशा में भी प्रक्रिया आगे बढ़ रही है। इसके निर्माण कार्य के लिए तकनीकी निविदा एक दिसंबर 2026 और वित्तीय निविदा संभावित रूप से 15 दिसंबर 2026 को खोली जाएगी। दिसंबर 2026 में प्रधानमंत्री द्वारा वर्चुअल माध्यम से इसका शिलान्यास किए जाने की संभावना है।
रोहित ठाकुर ने बताया कि कोटखाई और गुम्मा सहित क्षेत्र के विभिन्न शैक्षणिक संस्थानों में लगभग 100 करोड़ रुपये के विकास कार्य करवाए जा रहे हैं। इनमें महाविद्यालयों के भवन निर्माण, स्कूलों की आधारभूत सुविधाओं का विस्तार और मरम्मत कार्य शामिल हैं। क्षेत्र के पांच उच्च विद्यालयों के भवन निर्माण के लिए धनराशि उपलब्ध करवाई जा चुकी है। उन्होंने कहा कि विकास कार्यों के लिए धन की कमी आड़े नहीं आने दी जाएगी। डीएवी कॉलेज कोटखाई में भी वर्तमान सरकार ने 25 वर्षों बाद आठ पद स्वीकृत किए हैं, जिनमें एक प्रधानाचार्य और सात शिक्षण स्टाफ के पद शामिल हैं।
गुम्मा विद्यालय को सीबीएसई से जोड़ने के संबंध में उन्होंने कहा कि प्रदेश में 147 विद्यालयों को सीबीएसई प्रणाली के अंतर्गत लाने की पहल की गई थी, जिसमें गुम्मा विद्यालय भी शामिल था। हालांकि, भवन और पर्याप्त आधारभूत