24 नवम्बर, तरसेम जरयाल: क्षेत्र की राजकीय प्राथमिक पाठशाला मोरछ में लंबे समय से चली आ रही अतिरिक्त अध्यापक की मांग आखिरकार पूरी हो गई है। शिक्षा विभाग ने 21 नवंबर 2026 को जारी कार्यालय आदेश के तहत राजकीय प्राथमिक पाठशाला भलेड़ में कार्यरत जेबीटी अध्यापक रवि कुमार को अस्थायी तौर पर डेपुटेशन पर राजकीय प्राथमिक पाठशाला मोरछ में तैनात करने के निर्देश जारी किए हैं। इस फैसले से अब स्कूल में दो अध्यापक उपलब्ध होंगे, जिससे विद्यार्थियों की पढ़ाई को बेहतर बनाने में मदद मिलेगी।
स्कूल में लंबे समय से पहली से पांचवीं कक्षा तक के विद्यार्थियों को पढ़ाने और विद्यालय के अन्य कार्यों की जिम्मेदारी केवल एक अध्यापिका के पास थी। ऐसे में सभी कक्षाओं के विद्यार्थियों को पर्याप्त समय देना चुनौतीपूर्ण बना हुआ था। अध्यापक की कमी के चलते कई अभिभावकों ने अपने बच्चों का दाखिला आसपास के अन्य स्कूलों में भी करवा दिया था।
अतिरिक्त अध्यापक की तैनाती के आदेश जारी होने पर एसएमसी प्रधान सपना जरयाल, ग्राम पंचायत रुलहेड़ के उपप्रधान ओम चन्द, बलबान जरयाल, विनोद जरयाल सहित अन्य ग्रामीणों ने उप मुख्य सचेतक एवं शाहपुर के विधायक केवल सिंह पठानिया का आभार व्यक्त किया। ग्रामीणों ने कहा कि लंबे समय से उठाई जा रही मांग पूरी होने से क्षेत्र के बच्चों को राहत मिलेगी और अभिभावकों में भी खुशी है।
एसएमसी प्रधान सपना जरयाल और उपप्रधान ओम चन्द ने कहा कि अतिरिक्त अध्यापक की तैनाती से बच्चों को पढ़ाई के लिए अधिक समय और बेहतर शैक्षणिक वातावरण मिल सकेगा। उन्होंने उम्मीद जताई कि दो अध्यापकों की उपलब्धता से विद्यालय में शिक्षा की गुणवत्ता में सुधार होगा और अभिभावकों का सरकारी स्कूल के प्रति विश्वास भी मजबूत होगा।
उन्होंने आसपास के गांवों के अभिभावकों से अपील की कि वे अपने बच्चों का दाखिला राजकीय प्राथमिक पाठशाला मोरछ में करवाएं। उन्होंने कहा कि विद्यालय में बेहतर शैक्षणिक माहौल तैयार करने के लिए ग्रामीणों, अभिभावकों और स्कूल प्रबंधन समिति को मिलकर सहयोग करना चाहिए, ताकि बच्चों को अपने क्षेत्र में ही गुणवत्तापूर्ण शिक्षा मिल सके और विद्यालय में विद्यार्थियों की संख्या बढ़े।
ग्रामीणों ने कहा कि किसी भी गांव की तरक्की में बच्चों की अच्छी शिक्षा की अहम भूमिका होती है। स्कूल में दूसरे अध्यापक की तैनाती क्षेत्र के बच्चों के बेहतर शैक्षणिक भविष्य की दिशा में सकारात्मक कदम है।