24 नवम्बर: मंडी जिला के बल्ह उपमंडल के लूणापानी निवासी राजेश गुलेरिया ने सुगंधित पौधों और स्थानीय प्राकृतिक संसाधनों की संभावनाओं को पहचानते हुए उद्यमिता के क्षेत्र में नई पहल की है। प्रदेश सरकार के प्रोत्साहन और उद्यान विभाग के आर्थिक सहयोग से उन्होंने लगभग 1.18 करोड़ रुपये की लागत से ‘आरके एरोमैटिक्स’ नाम से आवश्यक तेल निष्कर्षण एवं प्रसंस्करण इकाई स्थापित की है। इस परियोजना के लिए सरकार की ओर से करीब 50 लाख रुपये की आर्थिक सहायता प्रदान की गई है।
राजेश गुलेरिया के बेटे दीक्षांत ने बताया कि एकीकृत बागवानी विकास मिशन योजना के तहत यह सेकेंडरी प्रोसेसिंग यूनिट स्थापित की गई है। इसमें डिस्टिलेशन सहित विभिन्न आधुनिक मशीनरी लगाई गई हैं। वर्ष 2024-25 में राजेश ने उद्यान विभाग के बल्ह कार्यालय में इस इकाई की स्थापना के लिए आवेदन किया था। योजना के तहत मशीनरी की लागत पर 50 प्रतिशत उपदान का प्रावधान है, जिसके चलते उन्हें लगभग 50 लाख रुपये की सहायता मिली।
इस उद्यम को स्थापित करने से पहले राजेश गुलेरिया ने वर्ष 2025-26 में पुष्प क्रांति योजना के तहत जीबी पंत राष्ट्रीय हिमालयी पर्यावरण संस्थान, मौहल (कुल्लू) में पांच दिवसीय प्रशिक्षण प्राप्त किया। इस दौरान उन्होंने सुगंधित पौधों, आवश्यक तेल निष्कर्षण, प्रसंस्करण और मूल्य संवर्धन से जुड़ी व्यावहारिक जानकारी हासिल की। इसके बाद स्थानीय संसाधनों की उपलब्धता और संभावनाओं को देखते हुए उन्होंने यह परियोजना तैयार की।
इस इकाई में टैगेटिस, कैलमस, क्लेरी सेज, पामारोजा, आर्टेमिसिया तथा जंगली खुबानी एवं खुबानी गिरी से तेल तैयार किया जाएगा। इसके लिए स्थानीय किसानों और संग्राहकों से कच्चा वनस्पति पदार्थ खरीदा जाएगा। इससे किसानों को स्थानीय स्तर पर बाजार उपलब्ध होने के साथ सुगंधित फसलों की खेती को भी प्रोत्साहन मिलेगा। साथ ही उनकी अतिरिक्त आय के अवसर बढ़ेंगे।
राजेश गुलेरिया का लक्ष्य इकाई में तैयार आवश्यक तेलों को घरेलू बाजार के साथ-साथ विदेशों में भी निर्यात करना है। हिमाचल के सुगंधित पौधों और प्राकृतिक संसाधनों का मूल्य संवर्धन कर उन्हें अंतरराष्ट्रीय बाजार तक पहुंचाने की दिशा में यह पहल की गई है। उन्होंने बताया कि इकाई की उत्पादन क्षमता के आधार पर प्रतिवर्ष लगभग 2.46 से 2.50 करोड़ रुपये का कारोबार करने का लक्ष्य है। इससे करीब 80 लाख से एक करोड़ रुपये तक मुनाफे की संभावना है। इकाई के संचालन से 15 से 20 कुशल एवं अकुशल कामगारों और तकनीकी कर्मचारियों को रोजगार भी मिलेगा।
उद्यम स्थापित करने में प्रदेश सरकार और उद्यान विभाग से मिले सहयोग, मार्गदर्शन एवं प्रोत्साहन के लिए राजेश गुलेरिया ने मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंद्र सिंह सुक्खू और प्रदेश सरकार का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि आर्थिक सहायता और प्रशिक्षण से उनका सपना साकार हो पाया है। भविष्य में अधिक से अधिक स्थानीय किसानों और संग्राहकों को इस उद्यम से जोड़ना उनका लक्ष्य है।
विषयवाद विशेषज्ञ उद्यान सुंदरनगर डॉ. राजेश कुमार शर्मा ने बताया कि इकाई में आधुनिक प्रसंस्करण मशीनरी के साथ गैस क्रोमैटोग्राफी आधारित गुणवत्ता विश्लेषण की सुविधा भी उपलब्ध होगी। इससे तैयार आवश्यक तेलों की गुणवत्ता का वैज्ञानिक तरीके से विश्लेषण किया जा सकेगा। उन्होंने बताया कि इकाई का अनुमानित वार्षिक कारोबार करीब 2.46 करोड़ रुपये है। यह पहल कृषि एवं बागवानी उत्पादों के मूल्य संवर्धन, किसानों की आय बढ़ाने, ग्रामीण रोजगार सृजन और स्थानीय संसाधनों को अंतरराष्ट्रीय बाजार से जोड़ने की दिशा में महत्वपूर्ण है।