24 नवम्बर: मंडी शहर में 24 नवंबर से 2 दिसंबर तक यातायात व्यवस्था में बदलाव रहेगा। इंदिरा मार्केट के समीप सड़क मरम्मत कार्य के चलते कोटली और रिवालसर की ओर से आने वाले चौपहिया व भारी वाहनों को तल्याहड़ चौक से सन्यारड़ी सड़क की ओर डायवर्ट किया जाएगा।
अतिरिक्त जिला दंडाधिकारी डॉ. मदन कुमार ने बताया कि यह व्यवस्था 24 नवंबर की रात 9 बजे से लागू होगी। सड़क मरम्मत कार्य को सुचारू रूप से पूरा करने और वाहनों की सुरक्षित आवाजाही सुनिश्चित करने के लिए यह निर्णय लिया गया है।
उन्होंने बताया कि इस अवधि में भारी वाहनों के मंडी शहर में प्रवेश पर पूरी तरह प्रतिबंध रहेगा। सामान्य दिनों में भारी वाहनों को सुबह 11 बजे से शाम 4 बजे तक शहर में प्रवेश की अनुमति होती है, लेकिन 24 नवंबर से 2 दिसंबर तक इस समय में भी भारी वाहन शहर में प्रवेश नहीं कर सकेंगे।
उन्होंने वाहन चालकों से यातायात नियमों और प्रशासन के निर्देशों का पालन करने की अपील की है।