सेना पर टिप्पणी से पूर्व सैनिकों में रोष, जगत सिंह नेगी से सार्वजनिक माफी की मांग

23 नवम्बर, अभिषेक मिश्रा : राजस्व मंत्री जगत सिंह नेगी द्वारा विधानसभा में भारतीय सेना के संदर्भ में की गई टिप्पणी को लेकर पूर्व सैनिकों में आक्रोश है। दी ऋषि मारकण्डेय पूर्व सैनिक परिवहन सहकारी एवं कल्याण सभा सीमित जुखाला के प्रधान कैप्टन सुरेन्द्र कुमार ने मंत्री की टिप्पणी की कड़ी निंदा करते हुए उनसे भारतीय सेना के जवानों और उनके परिवारों से सार्वजनिक रूप से माफी मांगने की मांग की है।

कैप्टन सुरेन्द्र कुमार ने कहा कि भारतीय सेना देश की आन, बान और शान है। सेना के जवान कठिन परिस्थितियों में देश की सीमाओं की रक्षा करते हुए अपना सर्वस्व न्योछावर करते हैं और 140 करोड़ देशवासियों की सुरक्षा सुनिश्चित करते हैं। ऐसे में सेना के प्रति अमर्यादित टिप्पणी करना दुर्भाग्यपूर्ण है। उन्होंने कहा कि सैनिकों के त्याग, समर्पण और बलिदान का सम्मान किया जाना चाहिए तथा उनकी भावनाओं को आहत करने वाली टिप्पणी बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

इस मामले को लेकर सभा के पूर्व सैनिकों ने बैठक आयोजित कर मंत्री के बयान पर कड़ी आपत्ति जताई और प्रदेश सरकार से उचित कार्रवाई की मांग की। पूर्व सैनिकों ने जगत सिंह नेगी को 15 जनवरी 2027 को बिलासपुर में आयोजित होने वाले सेना दिवस समारोह में शामिल होने का न्योता भी दिया। उन्होंने कहा कि मंत्री समारोह में पहुंचकर पूर्व सैनिकों से सीधा संवाद करें और भारतीय सेना के योगदान, सैनिकों के त्याग तथा सीमाओं पर उनकी जिम्मेदारियों को समझें।

बैठक में राकेश कुमार, सूबेदार दौलत राम, किशन लाल, रोशन लाल, नंद लाल सहित दर्जनों पूर्व सैनिक उपस्थित रहे।

Social Sharing

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *