23 नवम्बर, तरसेम जरयाल : विश्व धरोहर सप्ताह के उपलक्ष्य में राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय धर्मशाला में भारतीय राष्ट्रीय कला एवं सांस्कृतिक धरोहर न्यास (इंटैक) के 41 वर्षों की गौरवशाली यात्रा और धरोहर संरक्षण के प्रयासों को दर्शाने के लिए 22 से 24 नवंबर तक तीन दिवसीय विशेष प्रदर्शनी आयोजित की जा रही है। प्रदर्शनी में इंटैक की ओर से अब तक संरक्षित ऐतिहासिक स्मारकों, सांस्कृतिक धरोहरों और संरक्षण के क्षेत्र में किए गए कार्यों को चित्रों एवं विवरणों के माध्यम से प्रदर्शित किया गया है।
इस आयोजन की खास बात इंटैक के राष्ट्रीय नेतृत्व की एक साथ मौजूदगी रही। कार्यक्रम में राष्ट्रीय अध्यक्ष अशोक सिंह ठाकुर, उपाध्यक्ष मालविका पठानिया और सदस्य सचिव रवींद्र सिंह, आईएएस, विशेष रूप से शामिल हुए। आयोजकों के अनुसार, यह पहला अवसर है जब इंटैक के राष्ट्रीय अध्यक्ष, उपाध्यक्ष और सदस्य सचिव एक साथ किसी आयोजन में उपस्थित हुए हैं। राष्ट्रीय स्तर की जिम्मेदारियों और व्यस्तताओं के चलते तीनों पदाधिकारियों का एक मंच पर आना विशेष महत्व रखता है।
महाविद्यालय के लिए भी यह आयोजन खास है, क्योंकि संस्थान इस वर्ष अपनी स्थापना के 100 वर्ष पूरे कर शताब्दी वर्ष मना रहा है। प्रदर्शनी के माध्यम से ऐतिहासिक भवनों और सांस्कृतिक धरोहरों के संरक्षण में इंटैक की भूमिका को भी रेखांकित किया जा रहा है। इस आयोजन में डिग्री कॉलेज धर्मशाला का स्टूडेंट्स हेरिटेज गिल्ड भी विशेष सहयोग दे रहा है।
तीन दिवसीय कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों को हिमाचल की समृद्ध कला, संस्कृति और पारंपरिक शिल्प से रूबरू करवाने के लिए विभिन्न गतिविधियां आयोजित की जा रही हैं। परिसर में बांस से बनी पारंपरिक कलाकृतियों और हस्तशिल्प की प्रदर्शनी लगाई गई है। वहीं, कांगड़ा लघु चित्रकला पर विशेष कार्यशालाएं भी आयोजित की गईं, जिनमें विद्यार्थियों ने उत्साह के साथ भाग लिया। अनुभवी शिल्पकारों ने उन्हें इस प्राचीन चित्रकला की तकनीकों और बारीकियों की जानकारी दी।
कार्यक्रम में कटोच राजवंश के इतिहास और सांस्कृतिक विरासत पर विशेष प्रस्तुति भी दी गई। इसके अलावा सांस्कृतिक कार्यक्रमों के माध्यम से क्षेत्र की लोकपरंपराओं और सांस्कृतिक विविधता को प्रदर्शित किया गया। आयोजन के आगामी चरण में इंटैक के नमामि गंगे अभियान पर आधारित वृत्तचित्र दिखाया जाएगा। इसके साथ ही भारतीय संस्कृति और आध्यात्मिक विरासत को दर्शाने वाली ‘कण-कण में राम’ प्रस्तुति भी दिखाई जाएगी।
इंटैक धर्मशाला अध्याय के संयोजक डॉ. नरेंद्र अवस्थी ने बताया कि आयोजन का मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों और युवा पीढ़ी में ऐतिहासिक धरोहर, पारंपरिक कला, स्थापत्य, लोकसंस्कृति और सांस्कृतिक विरासत के संरक्षण के प्रति जागरूकता पैदा करना है। उन्होंने कहा कि इंटैक के 41 वर्षों के कार्यों को एक मंच पर प्रदर्शित करने की यह पहल धरोहर संरक्षण के प्रयासों को सामने लाने के साथ महाविद्यालय के शताब्दी वर्ष को भी विशेष महत्व प्रदान कर रही है।