मुख्यमंत्री सुख-आश्रय योजना के तहत 41 बच्चे पांच दिवसीय शैक्षणिक भ्रमण पर रवाना

23 नवम्बर: तपोवन, धर्मशाला में मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविन्द्र सिंह सुक्खू ने कांगड़ा जिला के विभिन्न बाल देखभाल संस्थानों में रह रहे 41 बच्चों को पांच दिवसीय शैक्षणिक एवं सांस्कृतिक भ्रमण के लिए झंडी दिखाकर रवाना किया। मुख्यमंत्री सुख-आश्रय योजना के तहत आयोजित इस भ्रमण का उद्देश्य बच्चों को खुशियां देने के साथ उन्हें देश की समृद्ध संस्कृति और ऐतिहासिक विरासत से रूबरू करवाना है।

इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने कहा कि हर बच्चे का बचपन खुशियों से भरा हो और उसे अपने सपनों को साकार करने के लिए प्रोत्साहन मिले, यही मुख्यमंत्री सुख-आश्रय योजना की मूल भावना है। उन्होंने कहा कि भ्रमण के दौरान बच्चे दिल्ली, आगरा, फतेहपुर सीकरी और जयपुर सहित कई ऐतिहासिक एवं सांस्कृतिक स्थलों का दौरा करेंगे। इससे उन्हें देश की समृद्ध विरासत, विविधता और गौरवशाली परंपराओं को करीब से जानने का अवसर मिलेगा। बच्चों के ठहरने और भोजन की व्यवस्था तीन सितारा होटलों में की गई है।

कार्यक्रम में सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्री डॉ. (कर्नल) धनी राम शांडिल, तकनीकी शिक्षा मंत्री राजेश धर्माणी, राज्यसभा सांसद अनुराग शर्मा, उप-मुख्य सचेतक केवल सिंह पठानिया, विधायक संजय रतन, भवानी पठानिया, संजय अवस्थी और सुरेश कुमार सहित अन्य गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।

Social Sharing

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *