पांवटा साहिब में तेज रफ्तार ट्रक ने बाइक को मारी टक्कर, पूर्व सैनिक की मौत

21 नवम्बर: हिमाचल प्रदेश के जिला सिरमौर के पांवटा साहिब के भूपूर में शुक्रवार को सड़क हादसे में पूर्व सैनिक की मौत हो गई। यहां तेज रफ्तार ट्रक ने बाइक को जोरदार टक्कर मार दी, जिससे बाइक सवार गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे उपचार के लिए सिविल अस्पताल पांवटा साहिब पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

मृतक की पहचान 48 वर्षीय सुखदर्शन शर्मा पुत्र राम नाथ सिंह निवासी कठाना (जामली), डाकघर सुरला, तहसील नाहन के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार सुखदर्शन शर्मा भूपूर में अपनी जमीन देखने आए थे। इस दौरान वह अपनी बाइक (HP 18A-6774) पर सवार होकर जा रहे थे कि एक तेज रफ्तार ट्रक ने उन्हें टक्कर मार दी।

हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस ने मामला दर्ज कर हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी है।

बताया जा रहा है कि सुखदर्शन शर्मा करीब दो वर्ष पहले भारतीय सेना से सेवानिवृत्त हुए थे। उनके अचानक निधन से क्षेत्र में शोक की लहर है। वह अपने पीछे पत्नी और दो बेटों को छोड़ गए हैं।

Social Sharing

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *