20 नवम्बर: धर्मशाला के तपोवन में चल रहे हिमाचल प्रदेश की 14वीं विधानसभा के 13वें सत्र की कार्यवाही देखने पहुंचे करीब 300 स्कूली विद्यार्थियों से विधानसभा अध्यक्ष कुलदीप सिंह पठानिया ने संवाद किया। इस दौरान पत्रकारों से बातचीत करते हुए उन्होंने कहा कि उनका लक्ष्य विधानसभा की कार्यवाही को समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना है, ताकि आम लोग लोकतांत्रिक व्यवस्था और सदन में उनके द्वारा चुने गए प्रतिनिधियों की भूमिका को समझ सकें।
19 नवंबर को सत्र के चौथे दिन जिला कांगड़ा, चंबा और हमीरपुर के विभिन्न स्कूलों के विद्यार्थियों ने विधानसभा की कार्यवाही देखी। इनमें राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला डाडू, राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला थुलेल, सैनिक स्कूल सुजानपुर, राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला धीरा और एटीसी टॉपर शाहपुर के करीब 300 छात्र-छात्राएं शामिल रहे। विद्यार्थियों ने विधानसभा अध्यक्ष से उनके कार्यालय कक्ष के बाहर गेट नंबर दो पर शिष्टाचार भेंट भी की।
इस दौरान कुलदीप सिंह पठानिया ने विद्यार्थियों से अलग-अलग मुलाकात कर उन्हें देश की संसदीय प्रणाली और लोकतांत्रिक व्यवस्था के बारे में जानकारी दी। उन्होंने कहा कि आज के युवा और विद्यार्थी जिस रुचि के साथ सदन की कार्यवाही देखने पहुंच रहे हैं, उससे स्पष्ट है कि लोकतांत्रिक व्यवस्था के प्रति उनकी समझ और जागरूकता बढ़ रही है। सशक्त लोकतंत्र ही सुशासन का आधार है।
पठानिया ने कहा कि लोकसभा और विधानसभा लोकतंत्र के सबसे बड़े मंदिर हैं। लोकसभा के लिए सांसदों का चुनाव जनता द्वारा किया जाता है और बहुमत प्राप्त दल केंद्र में सरकार बनाता है। बहुमत वाले दल के नेता को प्रधानमंत्री चुना जाता है, जिसके बाद मंत्रिपरिषद का गठन होता है। वहीं, राज्यसभा के सदस्यों का चुनाव अप्रत्यक्ष रूप से विधानसभा के निर्वाचित सदस्य करते हैं।
उन्होंने विद्यार्थियों को बताया कि लोकसभा का कार्यकाल पांच वर्ष का होता है, जबकि राज्यसभा एक स्थायी सदन है और इसके सदस्यों का कार्यकाल छह वर्ष का होता है। राज्यसभा को उच्च सदन और लोकसभा को निचला सदन कहा जाता है। इसी तरह विधानसभा सदस्यों का चुनाव भी सीधे जनता द्वारा किया जाता है। निर्वाचित सदस्य मिलकर विधानसभा का गठन करते हैं और बहुमत प्राप्त दल प्रदेश में सरकार बनाता है।
उन्होंने कहा कि सदन की कार्यवाही को आम लोगों तक पहुंचाने का उद्देश्य उन्हें यह समझाना है कि उनके चुने हुए जनप्रतिनिधि प्रदेश और देश के हित में किन मुद्दों पर विचार करते हैं और किन विषयों को प्राथमिकता देते हैं। इससे लोकतांत्रिक प्रणाली के प्रति लोगों का विश्वास और मजबूत होगा।