गलोड़ में जन स्वास्थ्य शिविर में उमड़ी भीड़, 2216 लोगों का हुआ स्वास्थ्य परीक्षण; 2000 से अधिक टेस्ट किए

20 नवम्बर: नादौन के गलोड़ में मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंद्र सिंह सुक्खू द्वारा शुरू किए गए जन स्वास्थ्य शिविर में लोगों की भारी भीड़ उमड़ी। शिविर के दौरान करीब 2216 लोगों के स्वास्थ्य की जांच की गई, जबकि दो हजार से अधिक विभिन्न प्रकार के टेस्ट भी मौके पर ही किए गए।

मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. सतीश कुमार फोतेदार ने बताया कि शिविर में स्वास्थ्य विभाग और मेडिकल कॉलेजों के 11 सुपर स्पेशलिस्ट, 10 स्पेशलिस्ट, 10 अन्य डॉक्टरों तथा 125 स्वास्थ्य कर्मचारियों ने सेवाएं प्रदान कीं। इनके माध्यम से कुल 1323 लोगों की जांच की गई। वहीं, आयुर्वेदिक, होम्योपैथी और योगा नेचुरोपैथी के विशेषज्ञों ने भी 893 लोगों का स्वास्थ्य परीक्षण किया।

शिविर में विभिन्न विशेषज्ञों ने अपनी सेवाएं दीं। स्त्री रोग विभाग की ओपीडी में 162 महिलाओं, जनरल मेडिसिन में 294, हड्डी रोग विभाग में 198, हृदय रोग विभाग में 56, नेत्र रोग में 110, ईएनटी में 82, त्वचा रोग में 114 और बाल रोग विभाग में 78 लोगों की जांच की गई। इसके अलावा डेंटल में 44, न्यूरोलॉजी में 25, न्यूरो सर्जरी में 17, जनरल सर्जरी में 24, रीनल ट्रांसप्लांट सर्जरी में 18, ओंकोलॉजी में 13, एंडोक्राइनोलॉजी में 20, नैफ्रोलॉजी में 30, मनोचिकित्सा में 16, यूरोलॉजी में 20 और सीटीवीएस विभाग में दो मरीजों का परीक्षण किया गया।

डॉ. फोतेदार ने बताया कि शिविर में 80 लोगों के अल्ट्रासाउंड और 137 लोगों के एक्सरे किए गए। इसके अलावा ब्लड, शुगर, एचबी और सीबीसी के कुल 926 टेस्ट किए गए। 30 लोगों के ईसीजी, 449 की अन्य लैब जांच, 22 महिलाओं की ब्रेस्ट कैंसर और 44 लोगों की ओरल कैंसर की जांच की गई। शिविर के दौरान 39 लोगों को उपचार के लिए रेफर किया गया, जबकि 137 लोगों की टीबी जांच भी की गई।

इसके अतिरिक्त 190 लोगों को स्वास्थ्य संबंधी परामर्श दिया गया। वहीं, नौ लोगों के आयुष्मान कार्ड और चार लोगों की आभा आईडी भी मौके पर ही बनाई गई।

Social Sharing

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *