18 नवम्बर: हिमाचल प्रदेश विधानसभा परिसर में बुधवार को मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू की अगुवाई में कांग्रेस सरकार ने भाजपा के खिलाफ जोरदार प्रदर्शन किया। मुख्यमंत्री ने कैबिनेट मंत्रियों और कांग्रेस विधायकों के साथ प्रदर्शन करते हुए पूर्व भाजपा सरकार पर प्रदेश के आर्थिक हितों से समझौता करने और हिमाचल की संपदा को बेचने का आरोप लगाया।
इस दौरान राजस्व मंत्री जगत सिंह नेगी, तकनीकी शिक्षा मंत्री राजेश धर्माणी, उपमुख्य सचेतक केवल सिंह पठानिया सहित कांग्रेस के तमाम विधायक मौजूद रहे। हाथों में नारे लिखी तख्तियां लेकर प्रदर्शन कर रहे सत्तापक्ष के नेताओं ने भाजपा पर प्रदेश के स्वाभिमान और जनभावनाओं के साथ खिलवाड़ करने के आरोप लगाए।
कांग्रेस नेताओं ने कहा कि पूर्व भाजपा सरकार ने सत्ता में रहते हुए हिमाचल के हितों की अनदेखी की और प्रदेश की संपदा को लुटाने का काम किया। उन्होंने स्पष्ट किया कि वर्तमान सरकार किसी भी कीमत पर हिमाचल के संसाधनों और अधिकारों से समझौता नहीं होने देगी। सत्तापक्ष ने भाजपा पर प्रदेश का हितैषी होने का दिखावा करने का आरोप लगाते हुए कहा कि जनता अब उसकी राजनीति को समझ चुकी है।
प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस ने भाजपा को धनबल की राजनीति के मुद्दे पर भी घेरा। मंत्रियों और विधायकों ने आरोप लगाया कि भाजपा ने नोटों के दम पर लोकतंत्र और जनमत को प्रभावित करने का प्रयास किया। कांग्रेस नेताओं ने कहा कि हिमाचल के अधिकारों की लड़ाई लड़ने के लिए प्रदेश को कठपुतली नहीं, बल्कि मजबूती से अपने हितों के लिए खड़े होने वाले नेतृत्व की जरूरत है।