इंदौरा में खेलो हिमाचल की तैयारियां तेज, 30 नवंबर तक होगा ऑनलाइन पंजीकरण

18 नवम्बर: इंदौरा में ‘खेलो हिमाचल-चिट्टा मुक्त अभियान’ के तहत आयोजित होने वाली खेल प्रतियोगिताओं की तैयारियों को लेकर एसडीएम डॉ. सुरिंदर ठाकुर की अध्यक्षता में बैठक आयोजित की गई। बैठक में प्रतियोगिताओं के सफल आयोजन और अधिक से अधिक युवाओं की भागीदारी सुनिश्चित करने को लेकर चर्चा की गई।

अभियान के तहत 15 से 30 वर्ष आयु वर्ग के लड़के और लड़कियों के लिए अलग-अलग श्रेणियों में क्रिकेट, कबड्डी, वॉलीबॉल, हॉकी, बैडमिंटन, एथलेटिक्स, कुश्ती और रस्साकशी सहित आठ खेलों की प्रतियोगिताएं आयोजित होंगी। ये प्रतियोगिताएं उपमंडल, जिला और राज्य स्तर पर करवाई जाएंगी। उपमंडल स्तर पर चयनित खिलाड़ी जिला स्तरीय प्रतियोगिताओं में भाग लेंगे।

प्रतियोगिताओं में उपमंडल स्तर पर प्रथम स्थान प्राप्त करने वाले को 51 हजार, द्वितीय स्थान पर 41 हजार और तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले को 31 हजार रुपये का नकद पुरस्कार दिया जाएगा। वहीं, जिला स्तर पर प्रथम, द्वितीय और तृतीय स्थान के लिए क्रमशः दो लाख, एक लाख 50 हजार और एक लाख रुपये की पुरस्कार राशि निर्धारित की गई है।

एसडीएम डॉ. सुरिंदर ठाकुर ने कहा कि मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंदर सिंह सुक्खू के नेतृत्व में प्रदेश सरकार चिट्टे और अन्य नशों के खिलाफ निर्णायक लड़ाई लड़ रही है। इस अभियान का उद्देश्य युवाओं को खेल गतिविधियों से जोड़कर नशे से दूर रखना और उनमें अनुशासन, आत्मविश्वास व टीम भावना विकसित करना है। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को प्रतियोगिताओं के आयोजन की तैयारियां समयबद्ध तरीके से पूरी करने और आपसी समन्वय से अभियान का व्यापक प्रचार-प्रसार करने के निर्देश दिए।

उन्होंने इंदौरा उपमंडल के युवाओं से प्रतियोगिताओं में बढ़-चढ़कर भाग लेने की अपील की। इच्छुक खिलाड़ी और टीमें 30 नवंबर, 2026 तक आधिकारिक वेबसाइट https://khelohimachal.hp.gov.in/पर ऑनलाइन पंजीकरण करवा सकते हैं।

Social Sharing

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *