बैजनाथ में विनवा स्कूल का 46वां वार्षिक समारोह, सांसद अनुराग शर्मा ने विद्यार्थियों को किया सम्मानित

18 नवम्बर: बैजनाथ में विनवा पब्लिक सीनियर सेकेंडरी स्कूल का 46वां वार्षिक पारितोषिक वितरण समारोह धूमधाम से आयोजित किया गया। समारोह में राज्यसभा सांसद अनुराग शर्मा ने बतौर मुख्यातिथि शिरकत की। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि वार्षिक उत्सव विद्यार्थियों की प्रतिभा, आत्मविश्वास और उपलब्धियों को प्रदर्शित करने का सशक्त मंच होता है। ऐसे आयोजन विद्यार्थियों को अपनी प्रतिभा दिखाने के साथ जीवन में आगे बढ़ने की प्रेरणा भी देते हैं।

उन्होंने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि जीवन में सफलता हासिल करने के लिए लक्ष्य निर्धारित करना और उसे पाने के लिए कड़ी मेहनत, अनुशासन, धैर्य और निरंतर प्रयास करना जरूरी है। सफलता का कोई शॉर्टकट नहीं होता। नियमित अभ्यास, समय का सदुपयोग और असफलताओं से सीखने की क्षमता ही व्यक्ति को अपने लक्ष्य तक पहुंचाती है। उन्होंने कहा कि विद्यार्थी जीवन भविष्य की नींव रखने का समय है, इसलिए विद्यार्थियों को पढ़ाई के साथ अच्छे संस्कार और कौशल विकसित करने पर भी ध्यान देना चाहिए।

अनुराग शर्मा ने कहा कि प्रत्येक विद्यार्थी में विशेष प्रतिभा और असीम संभावनाएं होती हैं। जरूरत उन्हें पहचानकर सही दिशा देने की है। उन्होंने विद्यार्थियों से शिक्षा के साथ खेलकूद, सांस्कृतिक और रचनात्मक गतिविधियों में भी बढ़-चढ़कर भाग लेने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि सर्वांगीण विकास के लिए किताबी ज्ञान के साथ नेतृत्व क्षमता, आत्मविश्वास, सहयोग और सामाजिक जिम्मेदारी की भावना भी आवश्यक है।

उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार शिक्षा के क्षेत्र में गुणात्मक सुधार लाने और विद्यार्थियों को बेहतर शैक्षणिक अवसर उपलब्ध करवाने के लिए प्रयासरत है। राष्ट्रीय उपलब्धि सर्वेक्षण में हिमाचल प्रदेश का राष्ट्रीय स्तर पर 21वें स्थान से पांचवें स्थान पर पहुंचना शिक्षा के क्षेत्र में किए जा रहे प्रयासों का सकारात्मक परिणाम है। शिक्षा की गुणवत्ता में सुधार, आधुनिक सुविधाओं का विस्तार और विद्यार्थियों को प्रतियोगी परीक्षाओं के लिए बेहतर अवसर उपलब्ध करवाना सरकार की प्राथमिकताओं में शामिल है।

उन्होंने अभिभावकों से भी बच्चों की रुचियों और क्षमताओं को पहचानकर उन्हें प्रोत्साहित करने की अपील की। साथ ही विद्यार्थियों को मोबाइल फोन का सीमित एवं सकारात्मक उपयोग करने तथा खेलकूद और शारीरिक गतिविधियों को दिनचर्या में शामिल करने की सलाह दी। नशे के बढ़ते दुष्प्रभावों पर चिंता जताते हुए उन्होंने कहा कि युवाओं को नशे से दूर रखना समाज की सामूहिक जिम्मेदारी है। उन्होंने विद्यार्थियों से स्वयं नशे से दूर रहने और अपने मित्रों को भी स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित करने का आह्वान किया।

इस अवसर पर सांसद अनुराग शर्मा ने विद्यालय के विकास और विद्यार्थियों की शैक्षणिक गतिविधियों को प्रोत्साहित करने के लिए अपनी ओर से 31 हजार रुपये देने की घोषणा की। समारोह में ‘उड़ान’ थीम के तहत विद्यार्थियों ने पंजाबी, हिमाचली और भक्ति संगीत पर आधारित रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दीं। इसके अलावा जिम्नास्टिक और अन्य आकर्षक कार्यक्रमों के माध्यम से अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया।

कार्यक्रम में स्कूल के निदेशक सात्विक शर्मा, प्रधानाचार्या रेणु शर्मा, उपाध्यक्ष मिलाप राणा, रमेश चड्ढा, शलभ अवस्थी, राजेश शर्मा, अजय अवस्थी, विनय धीमान और रणजीत राणा सहित विद्यालय के शिक्षक, विद्यार्थी, अभिभावक और अन्य गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।

Social Sharing

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *