09 फरवरी: हिमाचल प्रदेश के समोह क्षेत्र में एक तेज रफ्तार कार ने अचानक कहर बरपा दिया। अनियंत्रित कार सड़क से फिसलकर सीधे एक रिहायशी मकान और उससे सटी पशुशाला में जा घुसी। हादसा इतना जबरदस्त था कि वाहन के परखच्चे उड़ गए और मकान को भारी नुकसान पहुंचा।
घटना के समय स्थानीय निवासी करम चंद के घर के बाहर अफरा-तफरी मच गई। टक्कर की तेज आवाज से आसपास के लोग सहम गए और मौके पर चीख-पुकार मच गई। कार में सवार युवक आशीष कुमार (25), निवासी सलौणी, इस हादसे में गंभीर रूप से घायल हो गया।
धमाके की आवाज सुनते ही ग्रामीण मौके पर पहुंचे और क्षतिग्रस्त कार से घायल युवक को बाहर निकाला। उसे तत्काल सिविल अस्पताल बड़सर पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों की निगरानी में उसका उपचार जारी है।
पुलिस अधीक्षक हमीरपुर बलबीर सिंह ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि पुलिस टीम मौके पर पहुंचकर नुकसान का आकलन कर रही है। दुर्घटना के कारणों की जांच की जा रही है और मामले में आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।