मुख्यमंत्री ने दिखाई सेरा-हमीरपुर बस रूट को हरी झंडी, 1,000 इलेक्ट्रिक बसें खरीदेगी सरकार

24 नवम्बर: मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविन्द्र सिंह सुक्खू ने सोमवार को हमीरपुर जिला के नादौन क्षेत्र के मझयार में सेरा से हमीरपुर के लिए नए बस रूट का शुभारंभ किया। इस बस सेवा के शुरू होने से हमीरपुर, नादौन, सेरा और आसपास के गांवों के लोगों को सुविधा मिलेगी। विशेष रूप से डॉ. राधाकृष्णन राजकीय चिकित्सा महाविद्यालय, जोल सप्पड़ आने-जाने वाले मरीजों और उनके तीमारदारों को इसका लाभ होगा।

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश सरकार सार्वजनिक परिवहन व्यवस्था को आधुनिक, किफायती और पर्यावरण के अनुकूल बनाने के लिए प्रयासरत है। हिमाचल को हरित ऊर्जा राज्य बनाने के संकल्प के तहत इलेक्ट्रिक वाहनों को बढ़ावा दिया जा रहा है। उन्होंने कहा कि हिमाचल पथ परिवहन निगम को आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनाने के लिए सरकार 1,000 इलेक्ट्रिक बसों की खरीद करेगी। आने वाले वर्षों में भी निगम के बेड़े में इलेक्ट्रिक बसें शामिल की जाती रहेंगी।

उन्होंने कहा कि डीजल बसों की तुलना में इलेक्ट्रिक बसों का संचालन अधिक किफायती है, जिससे निगम की परिचालन लागत कम करने में मदद मिलेगी। हालांकि, प्रदेश की कठिन भौगोलिक परिस्थितियों और दुर्गम क्षेत्रों में निर्बाध परिवहन सेवा बनाए रखने के लिए डीजल बसों की आवश्यकता भी बनी रहेगी। सरकार इलेक्ट्रिक और डीजल बसों के बीच संतुलन बनाकर प्रदेश में सार्वजनिक परिवहन व्यवस्था को और मजबूत करेगी।

Social Sharing

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *