16 नवम्बर, आशीष दमीर : पुराना कांगड़ा में पुलिस ने नशे के खिलाफ कार्रवाई करते हुए एक व्यक्ति को चिट्टा और चरस के साथ पकड़ा है। आरोपी की पहचान विक्की (45) पुत्र राज कुमार निवासी वार्ड नंबर-3, पुराना कांगड़ा के रूप में हुई है। पुलिस ने उसके कब्जे से 5.68 ग्राम चिट्टा (हेरोइन) और 133.89 ग्राम चरस बरामद की है।
जानकारी के अनुसार पुलिस थाना कांगड़ा की टीम गश्त पर थी। इस दौरान जब टीम चिल्ड्रन पार्क के समीप खेल मैदान के प्रवेश द्वार पर पहुंची तो वहां मौजूद विक्की ने पुलिस को देखकर अपने पास मौजूद कैरी बैग फेंक दिया। उसकी इस हरकत पर शक होने पर पुलिस ने गवाहों की मौजूदगी में बैग की तलाशी ली। तलाशी के दौरान उसमें से 5.68 ग्राम चिट्टा और चरस की तीन बत्तियां बरामद हुईं, जिनका कुल वजन 133.89 ग्राम पाया गया।
पुलिस ने नशीले पदार्थों को कब्जे में लेकर आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। मामले में आगामी कार्रवाई की जा रही है।